आमेट. निजी विद्यालयों के RTE बकाया भुगतान सहित विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर निजी विद्यालय संघर्ष समिति, राजस्थान ने प्रदेशव्यापी स्तर पर गतिविधियां तेज कर दी हैं। समिति के प्रदेश संयोजक लाल सिंह झाला ने प्रदेश के सभी जिला संयोजकों से अपने-अपने जिलों में RTE की बकाया भुगतान स्थिति की तत्काल जानकारी जुटाकर समिति को उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं।
झाला ने कहा कि प्रदेश के निजी विद्यालयों को RTE के तहत मिलने वाली राशि के भुगतान में हो रही देरी को लेकर लगातार सरकार एवं संबंधित विभागों के समक्ष मांग उठाई जा रही है। ऐसे में आगामी रणनीति तय करने के लिए प्रत्येक जिले की वास्तविक स्थिति जानना जरूरी है। जिला संयोजकों से जानकारी मांगी गई है कि उनके जिले में RTE की केवल एक किस्त का भुगतान हुआ है, दोनों किस्तों का भुगतान हो चुका है अथवा अभी तक एक भी किस्त प्राप्त नहीं हुई है। जिन जिलों में जिला संयोजक सक्रिय नहीं हैं, वहां के सक्रिय विद्यालय संचालकों से भी आगे आकर जानकारी उपलब्ध करवाने की अपील की गई है।
जयपुर में आंदोलन की तैयारी, जिलों से मांगी सहभागिता
समिति ने RTE भुगतान एवं निजी विद्यालयों की अन्य समस्याओं के समाधान के लिए आगामी दिनों में जयपुर में बैठक, अधिकारियों से वार्ता अथवा आंदोलन किए जाने की स्थिति में जिलों की सहभागिता को लेकर भी महत्वपूर्ण पहल की है। प्रदेश संयोजक ने प्रत्येक जिले से कम से कम 10 सक्रिय विद्यालय संचालकों को जयपुर पहुंचने के लिए तैयार रहने का आह्वान किया है।
इसके लिए जिन जिलों से वास्तव में 10 साथी जयपुर पहुंच सकते हैं, उनसे सभी साथियों के नाम एवं मोबाइल नंबर सहित सूची मांगी गई है। झाला ने स्पष्ट किया कि केवल वही जिले अपनी सहमति भेजें, जहां से बुलाए जाने पर 10 साथी जयपुर आने के लिए तैयार हों। उन्होंने कहा कि संगठन को केवल सहमति देने वालों की नहीं, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर मैदान में उतरकर संघर्ष करने वाले साथियों की जरूरत है।
बोर्ड संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए भी प्रयास जारी
लाल सिंह झाला ने बताया कि निजी विद्यालय संघर्ष समिति, राजस्थान प्रदेश के निजी विद्यालयों की सभी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत है। RTE भुगतान के अलावा मान्यता, विभागीय प्रक्रियाओं एवं अन्य समस्याओं को सरकार और संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया जा रहा है। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से संबंधित समस्याओं के समाधान, संबद्धता संबंधी प्रकरणों एवं विद्यालय संचालकों की परेशानियों को दूर करवाने के लिए भी समिति लगातार प्रयास कर रही है।
- इन नंबरों पर भेजें जानकारी
RTE भुगतान की जिलावार स्थिति तथा जयपुर आने वाले 10 साथियों की सूची शिवशंकर जी पुर्बिया (मो. 90014 60649) अथवा पवन जी चौधरी (मो. 77373 83433) को व्यक्तिगत संदेश के माध्यम से भेजी जा सकती है।
झाला ने सभी जिला संयोजकों एवं विद्यालय संचालकों से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने की अपील करते हुए कहा कि निजी विद्यालयों के हितों की रक्षा और समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए सामूहिक प्रयास एवं आवश्यकता पड़ने पर संगठित संघर्ष करना समय की मांग है।
- M. Ajnabee, Kishan paliwal