आमेट. पावन मलमास के शुभ अवसर पर आमेट क्षेत्र में 19 मई से 25 मई 2026 तक विशाल एवं भव्य श्रीमद्भागवत कथा, लक्ष्मी नारायण महायज्ञ एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन कर्ता मनोकामना सिद्ध हनुमान मंदिर के संत नंददास महाराज ने बताया किआयोजन को लेकर क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है तथा तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। आयोजन स्थल पर भव्य यज्ञशाला का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, वहीं कथा पांडाल, श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था, विद्युत सजावट एवं अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
आयोजन के प्रचार-प्रसार के लिए ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। कार्यक्रम में अनेक संत-महात्मा, साधु-संत एवं महंत उपस्थित रहकर धर्मसभा को गौरवान्वित करेंगे। आयोजन को गुरुजनों का विशेष आशीर्वाद प्राप्त रहेगा, जिनमें महंत हंसदास महाराज महात्यागी, पबराणा आश्रम एवं दण्डी स्वामी अवधेशानन्द महाराज, सुरजकुंडधाम प्रमुख रूप से शामिल रहेंगे।
श्रीमद्भागवत कथा का वाचन राष्ट्रीय कथा प्रवक्ता युवराजकृष्ण महाराज द्वारा किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे। आयोजन के दौरान विभिन्न संत-महात्माओं का सानिध्य भी प्राप्त होगा, जिनमें महामंडलेश्वर महंत सीताराम दास महाराज, शान्तिनाथ आश्रम, महंत नारायणदास महाराज महात्यागी, संत रमेश दास महाराज पबराणा आश्रम, महंत बालक दास महाराज खाकरड़ा, संत पुरुषोतम दास महाराज महात्यागी चारभुजा, महंत मनोहरदास महाराज देवड़ों का गुड़ा एवं महंत हरिदास महाराज आडावाला सहित अनेक संत-महात्मा शामिल रहेंगे।
आयोजन समिति के अनुसार 18 मई को प्रातः 9 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके पश्चात 19 मई से 25 मई तक प्रतिदिन शाम 7:30 बजे से रात्रि 11 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा। वहीं 22 मई से 25 मई तक लक्ष्मी नारायण महायज्ञ संपन्न होगा। आयोजन के समापन अवसर पर 25 मई को शाम 4 बजे से रात्रि 9 बजे तक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
यह संपूर्ण धार्मिक आयोजन वीर प्रताप सर्कल स्थित मनोकामना सिद्ध हनुमान मंदिर के पास अमरा का नाड़ा स्कूल परिसर में आयोजित होगा। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है।
M. Ajnabee, Kishan paliwal