Sunday, 15 February 2026

मध्य प्रदेश

बुरहानपुर को 698.26 करोड़ की विकास सौगात, मुख्यमंत्री ने अर्चना चिटनिस की वर्षों पुरानी मांगों पर की बड़ी घोषणाएं

paliwalwani
बुरहानपुर को 698.26 करोड़ की विकास सौगात, मुख्यमंत्री ने अर्चना चिटनिस की वर्षों पुरानी मांगों पर की बड़ी घोषणाएं
बुरहानपुर को 698.26 करोड़ की विकास सौगात, मुख्यमंत्री ने अर्चना चिटनिस की वर्षों पुरानी मांगों पर की बड़ी घोषणाएं

Rahat Baig

बुरहानपुर. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने बुरहानपुर प्रवास के दौरान जिले की बुरहानपुर विधानसभा क्षेत्र को 698.26 करोड़ रुपये लागत के 80 से अधिक विकास कार्यों की ऐतिहासिक सौगात दी। मुख्यमंत्री ने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर जिले के समग्र विकास को नई दिशा दी।

कार्यक्रम में विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी), सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, नेपानगर विधायक सुश्री मंजू राजेन्द्र दादू, महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ.मनोज माने, जिला पंचायत अध्यक्ष गंगाराम मार्काे, उपाध्यक्ष गजानन महाजन, पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा कास्डेकर, शाहपुर नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती साधना वीरेन्द्र तिवारी एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सोनाली प्रदीप पाटिल सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस द्वारा विगत कई वर्षों से किए जा रहे प्रयासों और विकास संबंधी मांगों को सहर्ष स्वीकार करते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस ने मुख्यमंत्री द्वारा विकास कार्यों की स्वीकृति और घोषणाओं के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों में संतुलित विकास सरकार की प्राथमिकता है और बुरहानपुर के विकास के लिए सरकार निरंतर कार्य करेगी।

अर्चना चिटनिस के नेतृत्व में भव्य स्वागत से प्रभावित हुए मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का बुरहानपुर आगमन पर श्रीमती अर्चना चिटनिस के नेतृत्व में किए गए भव्य स्वागत से मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव अत्यंत प्रसन्न एवं प्रभावित हुए। मुख्यमंत्री का रेणुका कृषि उपज मंडी स्थित हेलीपेड पर आगमन हुआ, जिसके पश्चात रेणुका मंदिर मार्ग से नेहरू स्टेडियम तक भव्य रोड शो आयोजित किया गया। रोड शो मार्ग में सामाजिक संगठनों, व्यापारी संघों, कृषक संगठनों, युवा एवं महिला संगठनों द्वारा मुख्यमंत्री का स्थान-स्थान पर पुष्पवर्षा कर स्वागत-अभिनंदन किया गया। मुख्यमंत्री ने जनसभा में कहा कि बुरहानपुर की जनता द्वारा किया गया स्वागत उनके जीवन भर स्मरणीय रहेगा और उन्होंने नागरिकों के स्नेह एवं विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया।

विधायक अर्चना चिटनिस की मांगों पर मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधायक अर्चना चिटनिस की मांग पर बुरहानपुर के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें बुरहानपुर में मिनी एयरपोर्ट निर्माण, निमाड़ रीजनल इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव का आयोजन, ताप्ती मेगा रिचार्ज परियोजना का क्रियान्वयन, शाहपुर नगर परिषद को नगर पालिका का दर्जा, उद्यानिकी महाविद्यालय की स्थापना, संगीत-कला, वारकरी संप्रदाय के लिए शिक्षण संस्थान, खामनी-दहीहांडी-बड़सिंगी-मैथा, खामनी-रायगांव, शाहपुर-सुखपुरी एवं लालबाग-शहादरा मार्गों का निर्माण एवं मजबूतीकरण सहित बहादरपुर सहकारी सूत मिल श्रमिकों के बकाया भुगतान तथा मिल की भूमि पर नवीन उद्योग नगर की स्थापना जैसी घोषणाएं प्रमुख रूप से शामिल हैं।

698.26 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण

मुख्यमंत्री द्वारा बुरहानपुर विधानसभा क्षेत्र में 362.15 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा 336.11 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इस प्रकार कुल 698.26 करोड़ रुपए की लागत से करीब 80 से अधिक विकास परियोजनाओं का शुभारंभ हुआ। इन परियोजनाओं में सड़क निर्माण, जलप्रदाय, सीवरेज, शहरी अधोसंरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं औद्योगिक विकास से जुड़े कार्य शामिल हैं।

बुरहानपुर में कृषि, उद्योग और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस की मांग पर केला, कपास एवं बागवानी फसलों के लिए प्रोसेसिंग, भंडारण एवं वैल्यू एडिशन इकाइयों की स्थापना की घोषणा की। साथ ही युवाओं के लिए कौशल आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने की बात कही, जिससे जिले में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस ने अपने संबोधन की शुरुआत पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने मात्र 12 दिनों के भीतर पाकिस्तान को करारा जवाब देकर देश की शक्ति और संकल्प का परिचय दिया।

महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का स्वागत करते हुए श्रीमती चिटनिस ने मुख्यमंत्री के पुत्र-पुत्रवधू द्वारा नर्मदा परिक्रमा पूर्ण करने का उल्लेख किया और क्षेत्र में स्थित छह ज्योतिर्लिंगों के आध्यात्मिक महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा और सांस्कृतिक विरासत की भूमि है।

मुख्य मंच समीप भव्य शिवलिंग की पूजा-अर्चना

कार्यक्रम स्थल पर मुख्य मंच के समीप 8 फिट उंचे और साढ़े तीन टन के नर्मदेश्वर भव्य शिवलिंग की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का अभिषेक कर प्रदेश और बुरहानपुर की सुख-समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री के प्रति आभार और ऐतिहासिक निर्णयों की सराहना

श्रीमती चिटनिस ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में बुरहानपुर को अनेक महाविद्यालय, शासकीय भवन एवं अधोसंरचना परियोजनाओं की सौगात मिली है। उन्होंने 1998 से लंबित ताप्ती मिल के श्रमिकों की देनदारी चुकाने के निर्णय को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह मजदूरों के सम्मान और न्याय की दिशा में बड़ा कदम है। इसके साथ ही दंगा पीडि़तों को साढ़े तीन करोड़ रुपये की राहत राशि को मानवीय संवेदनाओं का प्रतीक बताया। श्रीमती चिटनिस ने छत्रपति शिवाजी महाराज और छत्रपति संभाजी महाराज के प्रति मुख्यमंत्री की श्रद्धा की सराहना करते हुए कहा कि उनके बलिदान और वीरता को फिल्म एवं विभिन्न माध्यमों से जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास प्रेरणादायक है और युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करता है।

लोकार्पण एवं भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान श्रीमती चिटनिस ने बुरहानपुर विधानसभा में निर्माणाधीन एवं स्वीकृति की प्रक्रिया अंतर्गत विभिन्न विकास योजनाओं का उल्लेख किया, जिनमें से आज 698 करोड़ 27 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव द्वारा किया गया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना और ‘हर घर नल-जल’ योजना के तहत 167 करोड़ रुपए की लागत से बुरहानपुर के प्रत्येक घर तक पानी पहुंचाने के संकल्प को दोहराया। साथ ही अमृत योजना के तहत शहर में बिछाई गई 28 किलोमीटर पाइपलाइन की प्रगति की जानकारी दी।

बुरहानपुर के समग्र विकास का संकल्प

श्रीमती चिटनिस ने कहा कि सरकार और जनप्रतिनिधि मिलकर बुरहानपुर को शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि और नगरीय विकास के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बुरहानपुर के समग्र विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प दोहराया।

whatsapp share facebook share twitter share telegram share linkedin share
Related News
Latest News
Trending News