मध्य प्रदेश
अर्चना चिटनिस ने विकास कार्यों को दी नई रफ्तार, लखन वाटिका सौंदर्यीकरण सहित कई कार्यों का भूमिपूजन
paliwalwani
Rahat Baig
बुरहानपुर. शहर के वार्ड क्रमांक 43 लालबाग में विकास कार्यों को नई गति देते हुए विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने लखन वाटिका के सौंदर्यीकरण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया। इस अवसर पर वार्ड में विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ, कॉलोनी का वार्षिक मिलन समारोह, नारी शक्ति सम्मान एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्रवासियों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।

कार्यक्रम के दौरान श्रीमती अर्चना चिटनिस ने वार्डवासियों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनसंवाद की इस पहल से नागरिकों में विश्वास और अपनत्व का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
कार्यक्रम में कॉलोनी की महिलाओं का सम्मान कर नारी शक्ति को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया गया, जिससे सामाजिक समरसता और सहभागिता का सकारात्मक संदेश भी प्रसारित हुआ। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्रवासियों में उत्साह और हर्ष का वातावरण बना रहा।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने बेहद आत्मीय और संवेदनशील भाव से कहा कि यह वार्ड मेरा परिवार है और यहां का हर नागरिक मेरे अपने परिवार का सदस्य है। आप सभी की खुशहाली, सुरक्षा और सुविधा मेरी जिम्मेदारी है। विकास केवल सड़कों और भवनों तक सीमित नहीं, बल्कि यह आपके जीवन को सरल, सुरक्षित और सम्मानजनक बनाने का प्रयास है। उन्होंने आगे कहा कि जब आप अपनी समस्या बताते हैं, तो वह केवल एक शिकायत नहीं होती, बल्कि मेरे लिए उसे हल करना एक कर्तव्य होता है।

मेरा प्रयास है कि हर घर तक विकास पहुंचे और किसी को भी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े। श्रीमती चिटनिस ने भरोसा दिलाया कि बुरहानपुर के प्रत्येक वार्ड में समान रूप से विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे और जनता के विश्वास पर वे हमेशा खरी उतरेंगी। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए ठेकेदारों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या घटिया कार्य बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने विकास कार्यांे की जानकारी देते हुए बताया कि वार्ड में चल रहे विकास कार्यों में दत्त मंदिर स्थित सभा मंडप का जीर्णोद्धार, सागरवाड़ी क्षेत्र में सड़क एवं नाली निर्माण, तुलसी सरोवर उद्यान में मंच निर्माण एवं ब्लॉक लगाने का कार्य, लोधीपुरा रोड पर जल निकासी व्यवस्था, आरडीएसएस योजना अंतर्गत विद्युत केबल बिछाने का कार्य, द्वारकापुरी, ब्रजधाम एवं नारायण नगर में सौंदर्यीकरण, इंद्रजीत नगर स्थित त्रिवेणेश्वर महादेव मंदिर परिसर में बाउंड्रीवाल निर्माण, ताप्ती नगर में पेवर ब्लॉक एवं वाटिका निर्माण, जमनानगर मुख्य मार्ग पर स्ट्रीट लाइट पोल एवं प्रकाश व्यवस्था, ब्रजधाम उद्यान का जीर्णोद्धार, वार्ड के विभिन्न स्थानों पर बेंच स्थापना, सागर टॉवर से दत्त मंदिर तक बीटी सड़क निर्माण, माता मंदिर के पास पेवर ब्लॉक कार्य तथा चश्मे वाली चाल क्षेत्र में पेचवर्क एवं नाली निर्माण जैसे अनेक कार्य प्रगतिरत है।

वार्ड पार्षद आशीष शुक्ला ने कहा कि वार्ड क्रमांक 43 लालबाग में आयोजित यह कार्यक्रम न केवल विकास कार्यों की गति को दर्शाता है, बल्कि जनसंवाद, अपनत्व और जनभागीदारी के माध्यम से बुरहानपुर को एक सशक्त एवं विकसित शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल, डॉ. रमेश कापडि़या, मनोज अगनानी, डॉ. राहुल सुगंधी, डॉ. नीरज कक्कड़, आशीष शुक्ला, रूद्रेश्वर एंडोले, संतोष जायसवाल, विवेक दीक्षित, हेमंत शिंदे, हरीभाऊ बोरसे, कृष्णनंदू डे, अनिल मिश्रा, मोहित तिवारी, राकेश चौकसे, मनीष बारंगे, करण चौकसे, अजय राजपूत, अभिजीत ठोमरे, शैलेन्द्र शिवहरे, नारायण बेदलकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।








