इंदौर की राजनीति में नई हलचल! : ताई का पत्र चर्चा का केंद्र : मुख्यमंत्री, सांसद, नौ विधायक और महापौर के रहते पत्र लिखने की जरूरत क्यों पड़ी...?
● ताई का पत्र, सांसद की प्रतिक्रिया... इंदौर की राजनीति में नई हलचल!
● राजनीति से दूरी के दावों के बीच ताई का सार्वजनिक पत्र बना चर्चा का केंद्र
● सांसद बोले=प्रयास पहले से जारी हैं, लेकिन राजनीतिक चर्चा क्यों बढ़ गई...?
● क्या यह केवल एयरपोर्ट विस्तार की चिंता... या फिर एक बड़ा राजनीतिक संदेश भी...?
● अंशुल पंडित...✍️
इंदौर. इंदौर की राजनीति में कुछ नाम ऐसे हैं, जिनकी चर्चा पद से नहीं, बल्कि उनकी मौजूदगी से होती है। पूर्व लोकसभा अध्यक्ष और इंदौर की पूर्व सांसद सुमित्रा महाजन (ताई) भी उन्हीं नेताओं में शामिल हैं। पिछले कई वर्षों से वे सार्वजनिक मंचों पर यह कहती रही हैं कि अब वे सक्रिय राजनीति से दूर हैं और नई पीढ़ी को आगे बढ़ते देखना चाहती हैं।
लेकिन इंदौर एयरपोर्ट विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को लिखा उनका हालिया पत्र एक बार फिर उन्हें राजनीतिक चर्चा के केंद्र में ले आया है। पत्र के बाद सांसद शंकर लालवानी की प्रतिक्रिया ने भी इस पूरे घटनाक्रम को नई दिशा दे दी। ऐसे में सवाल केवल एयरपोर्ट विस्तार का नहीं, बल्कि समय, परिस्थितियों और उससे निकलने वाले राजनीतिक संदेश का भी बन गया है। जब इंदौर के पास मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, नौ विधायक और महापौर जैसे प्रभावी जनप्रतिनिधि मौजूद हैं, तब यह सार्वजनिक पत्र स्वाभाविक रूप से कई सवाल छोड़ जाता है।
-
जब सत्ता के हर स्तर पर इंदौर का प्रतिनिधित्व मौजूद है, तब पूर्व सांसद का मुख्यमंत्री को सार्वजनिक पत्र लिखने की आवश्यकता आखिर क्यों महसूस हुई?
अपने पत्र में सुमित्रा महाजन ने उज्जैन के अंतरराष्ट्रीय विमानतल का स्वागत करते हुए इंदौर एयरपोर्ट के वर्षों से लंबित विस्तार का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने अपने सांसद कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए रनवे विस्तार, समानांतर टैक्सी-वे और आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया। यह मांग नई नहीं है। वर्षों से इंदौर का उद्योग, व्यापार और नागरिक समाज एयरपोर्ट विस्तार की आवश्यकता उठाता रहा है।
यहीं से इस पूरे घटनाक्रम का दूसरा पक्ष शुरू होता है। आज इंदौर का प्रतिनिधित्व मुख्यमंत्री, एक मंत्री, सांसद, नौ विधायक और महापौर जैसे मजबूत जनप्रतिनिधि कर रहे हैं। ऐसे में स्वाभाविक प्रश्न उठता है कि क्या एयरपोर्ट विस्तार जैसा महत्वपूर्ण विषय अब भी सार्वजनिक पत्र लिखकर उठाने की आवश्यकता महसूस कराता है? या फिर यह सरकार का ध्यान एक बार फिर इस दिशा में केंद्रित करने का प्रयास था? यही प्रश्न राजनीतिक चर्चाओं को भी जन्म देता है। और क्या वर्तमान जनप्रतिनिधियो के नेतृत्व पर भी प्रश्नचिन्ह नहीं उठाता है।
दूसरी ओर, यह सार्वजनिक पत्र सुमित्रा महाजन की वर्तमान राजनीतिक भूमिका को लेकर भी नई बहस छेड़ गया है। उन्होंने कई अवसरों पर स्वयं को सक्रिय राजनीति से दूर बताया है। ऐसे में इस प्रकार का सार्वजनिक हस्तक्षेप स्वाभाविक रूप से राजनीतिक विश्लेषण का विषय भी बन गया। लोकतंत्र में किसी भी वरिष्ठ नेता को अपने शहर के हित में सरकार का ध्यान आकर्षित करने का पूरा अधिकार है, लेकिन जब वह संवाद सार्वजनिक रूप से सामने आता है, तो उसके राजनीतिक अर्थ भी निकाले जाते हैं।
राजनीतिक गलियारों में सांसद शंकर लालवानी की प्रतिक्रिया भी चर्चा का विषय बनी। इंदौर की राजनीति में यह सर्वविदित है कि शंकर लालवानी की राजनीतिक यात्रा में पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन का मार्गदर्शन और समर्थन महत्वपूर्ण माना जाता रहा है। ऐसे में स्वाभाविक रूप से कई लोगों को उम्मीद थी कि वे ताई के पत्र का खुले मन से स्वागत करते हुए इसे इंदौर के हित की पहल बताते और कहते कि वरिष्ठ नेतृत्व द्वारा उठाए गए इस विषय को अब और तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
लेकिन उनकी सार्वजनिक प्रतिक्रिया मुख्य रूप से इस बात पर केंद्रित रही कि एयरपोर्ट विस्तार के लिए प्रयास पहले से ही जारी हैं। यही कारण है कि चर्चा केवल एयरपोर्ट विस्तार तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह सवाल भी उठने लगे कि क्या ताई के सार्वजनिक सुझाव को अपेक्षित राजनीतिक समर्थन मिला, या फिर वर्तमान नेतृत्व ने यह संदेश देना चाहा कि इस दिशा में सरकार और सांसद पहले से सक्रिय हैं। इसी बिंदु ने राजनीतिक विश्लेषण को और गहरा कर दिया।
हालांकि यह भी उतना ही सच है कि इंदौर एयरपोर्ट का विस्तार शहर की वास्तविक आवश्यकता है। बढ़ती आबादी, औद्योगिक निवेश, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संभावनाएं और व्यापारिक गतिविधियां यह मांग करती हैं कि एयरपोर्ट को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित किया जाए। यदि यह परियोजना वर्षों से लंबित है, तो उस पर सवाल उठाना भी पूरी तरह स्वाभाविक है। इसलिए पत्र का विषय महत्वपूर्ण है और सरकार के लिए भी इस दिशा में ठोस निर्णय लेना आवश्यक है।
राजनीति में कई बार एक पत्र, एक बयान या एक प्रतिक्रिया केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं रहती, बल्कि व्यापक राजनीतिक विमर्श का कारण बन जाती है। ताई का यह पत्र और उसके बाद आई सांसद की प्रतिक्रिया भी फिलहाल उसी श्रेणी में दिखाई दे रही है। अब देखना यह है कि इस पूरे घटनाक्रम की सबसे बड़ी गूंज राजनीतिक चर्चाओं में सुनाई देती है या फिर एयरपोर्ट विस्तार की फाइलों में वास्तविक गति के रूप में दिखाई देती है।
-
अब निगाह केवल इस बात पर नहीं है कि एयरपोर्ट का विस्तार कब होगा, बल्कि इस पर भी है कि क्या वरिष्ठ नेतृत्व की सार्वजनिक पहल और वर्तमान जनप्रतिनिधियों के प्रयास मिलकर इंदौर को उसकी बहुप्रतीक्षित सौगात दिला पाएंगे। क्योंकि अंततः राजनीति की सबसे बड़ी कसौटी बयान नहीं, बल्कि परिणाम होते हैं।
पालीवाल वाणी WhatsApp चैनल से जुड़ें
ताज़ा ब्रेकिंग न्यूज़ और समाज के सभी समाचार सबसे पहले अपने फोन पर पाएं।
संबंधित खबरें
सभी देखें →
हैदराबाद मैराथन 2026 में इंदौर के लगभग 30 धावकों ने हिस्सा लेकर शहर का नाम रोशन किया : प्रेम नारायण शर्मा ने जीता गोल्ड
वरिष्ठ स्वयंसेवक श्री लक्ष्मण राव नवाथे के कर कमलों से राजेंद्र नगर गणपति उत्सव की आमंत्रण पत्रिका का विमोचन एवं कार्यकर्ताओं की बैठक संपन्न