सिंगर संगीता उर्फ दिव्या का शव महम से बरामद : दोनों आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस ने 11 मई को लापता हुई एक हरियाणवी गायिका की हत्या के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों की पहचान रोहित और अनिल के रूप में हुई है. गायिका संगीता उर्फ दिव्या (29 वर्ष) का क्षत-विक्षत शव हरियाणा के महम में एक सड़क के किनारे दफ्न मिला था. पुलिस उपायुक्त (द्वारका) शंकर चौधरी ने कहा कि हमें पीड़िता संगीता के माता-पिता से 14 मई 2022 को शिकायत मिली थी कि उनकी बेटी लापता हो गई है. इसके बाद हमने अपनी जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को दो संदिग्ध रोहित और अनिल मिले. उन्हें 22 मई 2022 को गिरफ्तार कर लिया गया. यह पता चला कि आरोपियों ने सिंगर की हत्या की साजिश रची थी और उसे म्यूजिक वीडियो बनाने के बहाने दिल्ली से हरियाणा बुलाया था.
बता दें कि हरियाणा के रोहतक जिले के महम में एक युवती का अर्धनग्न शव जमीन में गड़ा मिला था. महम में बाईपास पर भैणी भैरों फ्लाई ओवर के पास बडेसरा जाने वाली सड़क के मुहाने पर शव गड़ा मिला था. एक राहगीर को मिट्टी से एक हाथ निकला हुआ दिखाई दिया था, जिसके बाद उसने पुलिस को इसकी सूचना दी. लड़की के सिर पर चोट के निशान थे. युवती की पहचान दिल्ली की यूट्यूबर संगीता उर्फ दिव्या के तौर पर हुई थी. वह 11 मई 2022 से लापता थी और परिजनों ने उसके अपहरण का केस दर्ज कराया था. युवती का दिल्ली से अपहरण करने के बाद उसकी हत्या कर शव को करीब 90 किलोमीटर दूर महम में गाड़ दिया था. जांच के बाद पता चला कि कहीं और हत्या कर शव को यहां दफनाया गया है. चेहरा पूरी तरह से सड़ चुका था. परिजनों ने शव की शिनाख्त की.
सिंगर एक म्यूजिक वीडियो की शूटिंग के सिलसिले में रोहित के साथ भिवानी गई थी. महम के पास एक होटल में रोहित के साथ खाना खाते हुए भी वह CCTV में भी दिखाई दी थी. शव के बदन पर अंडर गार्मेंट्स के अलावा कुछ नहीं था. कपड़ों की तलाश शव मिलने की जगह पर की गई, लेकिन कुछ नहीं मिला. वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि एक आरोपी ने उसे दिल्ली से किडनैप किया था, उसे नशीला पदार्थ दिया और 11 मई को उसकी हत्या कर दी. बाद में दोनों आरोपियों ने उसे महम थाने के इलाके में सड़क किनारे दफना दिया. उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस की एक टीम अभी भी आरोपी जोड़ी के साथ महम में है. शुरुआत में धारा 365 (अपहरण) के तहत मामला दर्ज किया गया था और बाद में इसमें हत्या के आरोप जोड़े गए. हरियाणा के महम थाने में भी धारा 302 और 201 के तहत अलग से प्राथमिकी दर्ज की गई है. दोनों आरोपी 20 साल के हैं और मृतका के दोस्त थे. वे हरियाणा की किसी फाइनेंस कंपनी में काम करते थे. मृतका संगीता के माता-पिता को पोस्टमॉर्टम के बाद शव सौंप दिया गया है.
पालीवाल वाणी WhatsApp चैनल से जुड़ें
ताज़ा ब्रेकिंग न्यूज़ और समाज के सभी समाचार सबसे पहले अपने फोन पर पाएं।
संबंधित खबरें
सभी देखें →
Bigg Boss 20 : Santosh Shukla’s Bigg Boss 6 Connection Resurfaces As Aamrapali Dubey Reveals How He Helped Her Career