रोहित राणा
सहारनपुर.
सहारनपुर छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आया। रविवार को जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर ने अधिकारियों के साथ थाना कुतुबशेर क्षेत्र के मानकमऊ स्थित छठ पूजा घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ और आवागमन को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग तथा भीड़ प्रबंधन व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने मौके पर तैनात पुलिस बल से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि छठ पूजा के दौरान घाट पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। भीड़ को व्यवस्थित रखने के साथ ही यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखी जाए, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने और पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि घाट और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैयार रहे।
इस दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा और शांतिपूर्ण आयोजन को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
जिला प्रशासन और सहारनपुर पुलिस ने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व को सुरक्षित, सुगम और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना उनकी प्राथमिकता है। पुलिस की ओर से जनपदवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं भी दी गईं।