शंघाई, 11 अक्टूबर (एपी) रूस के दानिल मेदवेदेव ने चाइना ओपन में एक दर्शक की आंख में गेंद लगने के कारण बाहर किए जाने के बाद अपना पहला मैच जीतकर शंघाई मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट के अगले दौर में जगह बनाई।
मेदवेदेव ने इस एटीपी 1000 टेनिस प्रतियोगिता के दूसरे दौर के मैच में जान-लेनार्ड स्ट्रफ को 4-6, 6-4, 6-3 से हराया। मेदवेदेव को चाइना ओपन में सोमवार को नोवाक जोकोविच के खिलाफ सेमीफाइनल के दौरान अयोग्य घोषित कर दिया गया था, क्योंकि उन्होंने गेंद स्टैंड की तरफ मार दी थी जिससे एक दर्शक चोटिल हो गया था। इस कारण उन्हें 285,000 डॉलर की पुरस्कार राशि से भी हाथ धोना पड़ा था।
अयोग्य घोषित होने के बाद मेदवेदेव का यह पहला मैच था। उन्हें पहले दौर में बाई मिली थी। एक अन्य मैच में दूसरी वरीयता प्राप्त कार्लोस अल्काराज़ ने जुआन मैनुअल सेरुंडोलो को 6-3, 6-3 से हराया। इस जीत के साथ ही उनकी जीत का सिलसिला सात मैचों तक बढ़ गया। चौथी वरीयता प्राप्त फेलिक्स औगर-एलियासिम ने कैमिलो उगो कारबेली को 4-6, 7-6 (1), 7-5 से हराया।