मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने सातवें वेतनमान का लाभ देने के मामले में सख्त रुख अपनाया : अगली सुनवाई 24 दिसंबर 2026 को होगी

विज्ञापन

जबलपुर. मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने अनुदान प्राप्त अशासकीय शिक्षण संस्थाओं के शिक्षकों और कर्मचारियों को सातवें वेतनमान का लाभ देने के मामले में सख्त रुख अपनाया है. कोर्ट ने IAS डॉ. संजय गोयल और शिल्पा गुप्ता से जुड़े अवमानना मामले में आदेश के पालन के लिए चार सप्ताह का अंतिम मौका दिया है. अनुपालन नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में हाजिर होना पड़ेगा.

जस्टिस दीपक खोत ने 23 नवंबर 2026 को अवमानना याचिका क्रमांक CONC-2092/2019 की सुनवाई करते हुए यह निर्देश दिया. मामला स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव आईएएस डॉ. संजय गोयल और तत्कालीन लोक शिक्षण आयुक्त शिल्पा गुप्ता द्वारा न्यायालय के आदेश का समुचित पालन नहीं किए जाने से जुड़ा है. कोर्ट ने 17 जून 2025 को पारित आदेश का हवाला देते हुए स्पष्ट किया कि अधिकारियों की व्यक्तिगत उपस्थिति से संबंधित पूर्व निर्देश फिर से प्रभावी हो गए हैं.

 IAS डॉ. संजय गोयल और शिल्पा गुप्ता से जुड़े अवमानना मामले में आदेश के पालन के लिए चार सप्ताह का अंतिम मौका दिया

सुनवाई के दौरान अधिकारियों की ओर से पेश अधिवक्ता ने अनुपालन रिपोर्ट अथवा जवाब प्रस्तुत करने के लिए समय मांगा. उन्होंने बताया कि रिट अपील क्रमांक 1919/2026 में पारित आदेश को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका (SLP) दाखिल की गई है. इस रिट अपील में हाई कोर्ट के 17 जून 2025 के आदेश की पुष्टि की गई थी.

इस पर जस्टिस दीपक खोत ने स्पष्ट किया कि हाई कोर्ट की समन्वय पीठ 17 जून 2025 को ही अधिकारियों को न्यायालय के आदेश की अवज्ञा का दोषी पा चुकी है. रिट अपीलीय अदालत ने केवल अपील लंबित रहने तक अधिकारियों को व्यक्तिगत उपस्थिति से राहत दी थी. अब रिट अपील खारिज हो चुकी है.

हाई कोर्ट ने कहा कि यदि अधिकारियों को व्यक्तिगत उपस्थिति से छूट चाहिए थी तो इसके लिए अलग से आवेदन प्रस्तुत करना जरूरी था. हालांकि, सुनवाई के दौरान न तो अधिकारी उपस्थित हुए और न ही उनकी ओर से छूट का आवेदन दिया गया. कोर्ट ने लंबित SLP के हवाले को आदेश का अनुपालन टालने के लिए पर्याप्त आधार नहीं माना. अधिकारियों को अनुपालन के लिए चार सप्ताह का अंतिम अवसर दिया गया है. मामले की अगली सुनवाई 24 दिसंबर 2026 को होगी.

  • अपील खारिज होने से बढ़ी मुश्किलें : शासन की ओर से दायर रिट अपील (1919/2026) खारिज हो चुकी है. अपील खारिज होने के कारण अधिकारियों को व्यक्तिगत उपस्थिति से मिली अंतरिम राहत भी समाप्त हो गई है, हालांकि शासन ने सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका (SLP) दायर की है.
  • कोर्ट की अहम टिप्पणियां : The Sootr की रिपोर्ट के अनुसार, अदालत ने माना कि इस मामले को विचार के लिए कैबिनेट के समक्ष न रखना और वित्त विभाग की आपत्तियों को रिकॉर्ड पर न लाना भी आदेश की अवज्ञा है. कोर्ट ने यह भी साफ किया कि वेतनमान की राशि सीधे शिक्षक संघ को नहीं, बल्कि संबंधित शिक्षण संस्थाओं को जारी होनी थी.
विज्ञापन

और पढ़ें...

ये भी पढ़ें...

WhatsApp पर शेयर Facebook