लैंडस्लाइड का भयावह नजारा देखने को मिला
उत्तराखंड.
जोशीमठ: उत्तराखंड के जोशीमठ में लैंडस्लाइड का भयावह नजारा देखने को मिला है। घटना जोशीमठ से करीब 40 किलोमीटर दूर तमक वैली की है। यहां पर बीआरओ की ओर से वैली ब्रिज का निर्माण कराया गया था। यह ब्रिज भी सैलाब की चपेट में आ गया। पुल के बहने का पूरा नजारा कैमरे में रिकॉर्ड हुआ था। इस लैंडस्लाइड में दो वाहनों और कुछ लोगों के बहने की सूचना आ रही है। हालांकि, प्रशासन की ओर से इस संबंध में अब तक पुष्टि नहीं की गई है। मामले की जानकारी ली जा रही है।
जोशीमठ के तमक वैली में लैंडस्लाइड का मामला सामने आया है। पहाड़ से पानी और मलबे का सैलाब ऐसा आया कि उसने अपने साथ कई लोगों को बहा दिया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक पूरा इलाका उजड़ गया था। दरअसल, तमक वैली में बीआरओ की ओर से वैली ब्रिज का निर्माण कराया गया है। इसके जरिए इलाके के दर्जनों गांवों के लोग पास के शहर तक पहुंचते हैं।
घटना जोशीमठ से करीब 40 किलोमीटर दूर की है। पुल टूटने से सीमावर्ती दर्जनभर गांवों संपर्क कट गया है। सीमा सड़क संगठन की ओर से मामला सामने आने के बाद स्थिति की समीक्षा शुरू की गई है। लैंडस्लाइड को लेकर उप जिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक पिकअप वाहन और एक सीमा सड़क संगठन के कर्मचारी के बहने की सूचना मिली है। पुल बहने की वजह से घाटी से जुड़े दर्जन पर गांवों का संपर्क मुख्य धारा से कट गया है। मौके पर प्रशासन की टीम पहुंची है।
वहीं, घाटी के स्थानीय निवासी हुकुम पवार का कहना है कि मौके पर कुछ स्थानीय लोग मौजूद थे। इसमें से कुछ लोगों के बहने की आशंका है। इस समय तमक नाले में ऐसा सैलाब आया। इसमें ही इन वाहनों के बहने की आशंका है। जोशीमठ के तमक वैली के नाले में सैलाब का वीडियो सामने आया है। इस में दिख रहा है कि पहाड़ की चोटियों की तरफ से तेज आवाज आती है।
ऐसा लगता है कि बारिश के कारण पहाड़ बीच में जमा पानी नीचे की तरफ आ रहा है। इसके साथ-साथ मलबा भी आता है। देखते ही देखते पूरा नाला मलबे और पानी से भर जाता है। पानी की तेज रफ्तार को देखते हुए पुल पार करने की तैयारी कर रहे कुछ लोग रुक जाते हैं। इस दौरान एक पिकअप गाड़ी पुल के पास खड़ी दिखती है। यह गाड़ी सैलाब के साथ ही बह जाती है। वीडियो में एक व्यक्ति अन्य लोगों को पुल के पास से हटने की हिदायत देता सुनाई देता है।