मुनि तरुण सागर अवार्ड, स्व. डबडेरा अवार्ड व लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से समाजसेवियों का सम्मान
राजेश जैन दद्दू
इंदौर. दिगंबर जैन समाज के पर्युषण महापर्व इस वर्ष दो चतुर्थी तिथियां होने के कारण 16 सितंबर से प्रारंभ होंगे और 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के दिन पर्व का समापन होगा। सामान्यतः पर्युषण पर्व भाद्रपद मास की पंचमी से प्रारंभ होते हैं, लेकिन इस वर्ष 14 और 15 सितंबर को चतुर्थी तिथि होने के कारण पर्व की शुरुआत 16 सितंबर 2026 से होगी।
दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद इंदौर के अध्यक्ष आनंद गोधा, महामंत्री हर्ष जैन एवं कार्यकारी अध्यक्ष नवीन गोधा ने बताया कि पर्युषण पर्व के दस दिनों में दलालबाग स्थित विद्या सुधा मंडप में मुनि श्री सुधा सागर जी महाराज के सानिध्य में विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। इसमें देश के सबसे बड़े श्रावक संस्कार शिविर का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
21 सितंबर को सुगंध दशमी
सकल दिगंबर जैन समाज युवा वेलफेयर सोसाइटी इंदौर के संरक्षक राहुल सेठी, पीयूष रावका एवं अध्यक्ष प्रभा जैन ने बताया कि सुगंध दशमी पर्व 21 सितंबर को मनाया जाएगा। इस अवसर पर समाजजन शहर के विभिन्न जिनालयों में पहुंचकर भगवान के दर्शन करेंगे और धूप अर्पित करेंगे। श्री पार्श्व पद्मावती धाम, साधना नगर में मुनि श्री सुधा सागर जी महाराज के गृहस्थ जीवन से लेकर वर्तमान तक के जीवन पर आधारित विशेष कथा-झांकी भी सजाई जा रही है। श्रद्धालुओं के लिए यह झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
25 को अनंत चतुर्दशी, 27 को क्षमावाणी
पूर्व अध्यक्ष सोनम जैन, युवा प्रकोष्ठ महामंत्री गौरव पाटोदी, कार्याध्यक्ष अंकुल पाटोदी, सुयश जैन एवं कोषाध्यक्ष राहुल झांझरी ने बताया कि पर्युषण महापर्व का समापन 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के दिन होगा। इसके बाद 27 सितंबर को क्षमावाणी महापर्व मनाया जाएगा। इस दिन समाजजन वर्षभर में जाने-अनजाने हुई भूलों एवं त्रुटियों के लिए एक-दूसरे से क्षमा मांगेंगे और आपसी प्रेम, सद्भाव एवं मैत्री का संदेश देंगे।
समाजसेवियों को दिए जाएंगे तीन प्रमुख सम्मान
प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी समाज में उल्लेखनीय सेवा करने वाले समाजसेवियों को मुनि तरुण सागर अवार्ड, स्व. डबडेरा अवार्ड एवं लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। अवार्ड के लिए शहर के पांच जोन के संयोजकों को समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले समाजजनों के नाम चयनित करने की जिम्मेदारी दी गई है। चयन प्रक्रिया के बाद समारोहपूर्वक इन सम्मान से समाजसेवियों को सम्मानित किया जाएगा।