वाराणसी. मोक्ष, अध्यात्म और संस्कृति की अमर नगरी, बाबा विश्वनाथ के पावन धाम काशी में लोक आस्था के महापर्व छठ की अलौकिक छटा बिखरने लगी है। इस पावन अवसर पर काशी के ऐतिहासिक घाटों पर एक बेहद भव्य और भावपूर्ण भोजपुरी छठ गीत की शूटिंग का शुभारंभ हुआ है। महादेव और छठ मईया की असीम कृपा प्राप्त करने के उद्देश्य से मुंबई मायनगरी के दिग्गजों की पूरी टीम विशेष रूप से बनारस की पावन धरा पर डेरा डाले हुए है।
इस खास प्रोजेक्ट में मुख्य किरदार निभा रहीं बॉलीवुड व हिंदी प्रोजेक्ट्स की मशहूर अभिनेत्री शीतल शर्मा अपनी अदाकारी का जादू बिखेरती नज़र आ रही हैं। शीतल शर्मा ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि भले ही यह उनका पहला भोजपुरी छठ गीत है, लेकिन काशी की पावन माटी में कदम रखते ही और इस गीत के बोल सुनते ही वे भक्ति रस में पूरी तरह सराबोर हो गईं। उन्होंने भावुक होकर कहा कि बाबा भोलेनाथ की नगरी में काम करना उनके जीवन का सबसे यादगार सौभाग्य है।
सुरों की मल्लिका पमिला जैन और स्वर्णा तिवारी के मधुर और भक्तिमय गायन ने इस गीत में प्राण फूंक दिए हैं। निर्देशक एवं डीओपी दिग्विजय सिंह ने जानकारी दी कि छठ व्रतियों के अनुष्ठान से पहले, 5 तारीख तक इस गीत को भव्य रूप से रिलीज़ कर दिया जाएगा, ताकि देश-दुनिया में फैले सभी श्रद्धालु इस भक्ति रस का आनंद ले सकें। इस शूटिंग के दौरान सह-अभिनेत्री राधा पांडेय समेत पूरी प्रोडक्शन टीम मुस्तैदी से जुटी हुई है।