राजस्थान विधानसभा के संग्रहालय में अजमेर की विधानसभा दीर्घा भी बनाई गई है। मालूम हो कि आजादी के बाद वर्ष 1956 तक अजमेर राज्य का स्वतंत्र अस्तित्व था। अजमेर राज्य की अपनी विधानसभा भी थी। अजमेर के स्वतंत्र अस्तित्व और विधानसभा को ही अब राजस्थान विधानसभा के संग्रहालय में विशेष स्थान दिया गया है।
अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा, इस दीर्घा से अजमेर के गौरवशाली राजनीतिक, ऐतिहासिक एवं लोकतांत्रिक इतिहास की जानकारी आमलोगों को हो सकेगी। देवनानी ने कहा कि किसी भी प्रदेश की पहचान केवल उसके वर्तमान विकास से नहीं, बल्कि उसके ऐतिहासिक और लोकतांत्रिक सफर से भी बनती है। अजमेर की विधानसभा का इतिहास राजस्थान की लोकतांत्रिक यात्रा का महत्वपूर्ण अध्याय है। इस इतिहास को विधानसभा संग्रहालय में स्थान देकर न केवल अतीत की स्मृतियों को संजोया गया है, बल्कि भावी पीढिय़ों के लिए भी ज्ञान और प्रेरणा का एक महत्वपूर्ण स्रोत तैयार किया है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान विधानसभा संग्रहालय प्रदेश की विधायी परंपराओं, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनप्रतिनिधियों के योगदान को संरक्षित करने का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां अजमेर विधानसभा दीर्घा का समावेश प्रदेश के इतिहास के एक महत्वपूर्ण अध्याय को सम्मान देने के साथ ही अजमेर की विशिष्ट ऐतिहासिक पहचान को भी रेखांकित करता है।
राजस्थान विधानसभा संग्रहालय में विकसित की गई अजमेर विधानसभा दीर्घा में अजमेर के राजनीतिकए लोकतांत्रिक एवं प्रशासनिक इतिहास से जुड़े तीन महत्वपूर्ण व्यक्तित्वों पंडित हरिभाऊ उपाध्याय, बालकृष्ण बीके कौल और एमके कृपलानी के जीवन एवं योगदान को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया है। इन तीनों व्यक्तित्वों ने अजमेर के इतिहास के एक महत्वपूर्ण दौर में अपनी अलग अलग भूमिकाओं के माध्यम से क्षेत्र की राजनीतिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था को आकार देने में योगदान दिया।
पंडित हरिभाऊ उपाध्याय : पंडित हरिभाऊ उपाध्याय का जन्म 24 मार्च 1892 को मध्य प्रदेश के भौंरासा गांव में हुआ था। वे स्वतंत्रता सेनानी, गांधीवादी विचारक, साहित्यकार और समाजसेवी थे। महात्मा गांधी के विचारों से प्रभावित होकर उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाई। अजमेर क्षेत्र में राष्ट्रीय चेतना, सामाजिक जागरण और रचनात्मक कार्यों को आगे बढ़ाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने अजमेर के हटूंडी में गांधी आश्रम की स्थापना कर ग्रामीण विकास, स्वावलंबन और गांधीवादी विचारधारा के प्रसार का कार्य किया।
महिला शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए महिला शिक्षा सदन की स्थापना भी की। सस्ता साहित्य मंडल के माध्यम से हिंदी साहित्य एवं राष्ट्रीय विचारों के प्रसार में योगदान दिया। वर्ष 1952 में अजमेर राज्य में निर्वाचित लोकप्रिय सरकार के गठन के बाद वे राज्य के मुख्यमंत्री बने। उन्होंने 1952 से 1956 तक मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया। अजमेर के राजस्थान में विलय के बाद भी वे राजस्थान की राजनीति और शासन व्यवस्था में सक्रिय रहे। उन्हें वर्ष 1966 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। 25 अगस्त 1972 को उनका निधन हुआ।
बालकृष्ण ;बीण्केण्द्ध कौल : बालकृष्ण कौल का जन्म 18 जून 1903 को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में हुआ था। वे स्वतंत्रता सेनानी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सक्रिय कार्यकर्ता थे। कम आयु में ही उन्होंने राष्ट्रीय आंदोलन में भाग लेना प्रारंभ कर दिया था। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान ब्रिटिश शासन के विरुद्ध गतिविधियों के कारण उन्हें कई बार जेल जाना पड़ा। उन्होंने लगभग छह वर्ष जेल में बिताए।
वर्ष 1930 में वे अजमेर आए और यहां स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई। वर्ष 1940 में उन्होंने व्यक्तिगत सत्याग्रह किया तथा भारत छोड़ो आंदोलन में भी भाग लिया। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान उनका संघर्ष और त्याग अजमेर के राजनीतिक इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है। वर्ष 1952 में वे अजमेर विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए। अजमेर राज्य की सरकार में उन्होंने गृह एवं वित्त मंत्री के रूप में दायित्व निभाया। अजमेर के राजस्थान में विलय के बाद भी उन्होंने राजस्थान की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई। वर्ष 1962 से 1967 तक राजस्थान सरकार में वित्तए आबकारी एवं कराधान मंत्री रहे। वर्ष 1968 से 1974 तक राज्यसभा के सदस्य भी रहे। वर्ष 1979 में उनका निधन हुआ।
एम.के. कृपलानी : अजमेर राज्य के मुख्य आयुक्त एवं प्रशासनिक व्यवस्था के महत्वपूर्ण व्यक्तित्व एमके कृपलानी भारतीय सिविल सेवा के अधिकारी थे। उन्होंने स्वतंत्रता के बाद अजमेर राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण दायित्व निभाया। वे मार्च 1954 से 31 अक्टूबर 1956 तक अजमेर राज्य के मुख्य आयुक्त रहे। उनका कार्यकाल अजमेर के प्रशासनिक इतिहास की दृष्टि से महत्वपूर्ण था।
इस अवधि में अजमेर एक पृथक केंद्रशासित प्रशासनिक इकाई के रूप में संचालित था। राज्य की प्रशासनिक व्यवस्थाए शासन संचालन और संस्थागत कार्यप्रणाली में मुख्य आयुक्त की महत्वपूर्ण भूमिका थी। 1 नवंबर 1956 को राज्य पुनर्गठन के परिणामस्वरूप अजमेर का राजस्थान में विलय हो गया। इस प्रकार एम.के.कृपलानी का कार्यकाल अजमेर की पृथक प्रशासनिक पहचान से राजस्थान के साथ एकीकरण तक के ऐतिहासिक संक्रमण का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा।
S.P.MITTAL BLOGGER