📅 Monday, 23 November 2026 | 09:15 AM IST
लाइव सेंसेक्स: 83,919.71 ▲ +1,887.91 (+2.30%) • निफ्टी 50: 25,800.60 ▲ +572.70 (+2.27%) • 🪙 सोना 24K (10g): ₹123,100 • 🥈 चांदी (1kg): ₹150,500 • ☀️ उज्जैन: 19°C (साफ आसमान)
इंदौर

Indore News: कृष्णबाग कॉलोनी में बुलडोजर एक्शन शुरू, 19 परिवारों को हाईकोर्ट से राहत

📅 23 November 2026, 09:05 AM • ✍️ Paliwalwani • ⏱️ 5 मिनट में पढ़ें
शेयर करें:
WhatsApp Facebook Twitter Telegram Instagram
Indore News: कृष्णबाग कॉलोनी में बुलडोजर एक्शन शुरू, 19 परिवारों को हाईकोर्ट से राहत
Indore News: कृष्णबाग कॉलोनी में बुलडोजर एक्शन शुरू, 19 परिवारों को हाईकोर्ट से राहत

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में जमीन विवाद को लेकर कृष्णबाग कॉलोनी में सोमवार सुबह प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। ग्राम खजराना स्थित कृष्णबाग कॉलोनी में नगर निगम की रिमूवल टीम भारी पुलिस बल के साथ अतिक्रमण हटाने पहुंची। प्रशासन ने सर्वे नंबर 66/2 (क) की विवादित जमीन पर बने मकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू की है। पहले 70 मकानों को तोड़ने की तैयारी थी, लेकिन हाईकोर्ट की डबल बेंच से 19 रहवासियों को अंतरिम राहत मिलने के बाद फिलहाल 45 मकानों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है।

हाईकोर्ट के आदेश पर प्रशासन का एक्शन

कृष्णबाग कॉलोनी की करीब 0.720 हेक्टेयर जमीन के मालिकाना हक और कब्जे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस मामले में कानूनी लड़ाई तहसीलदार और एसडीएम से लेकर राजस्व बोर्ड, हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंची। जमीन से जुड़े मामले में हाईकोर्ट ने श्रीराम बिल्डर के पक्ष में फैसला सुनाते हुए 30 दिनों के भीतर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। इसी आदेश के तहत प्रशासन ने सोमवार सुबह कार्रवाई शुरू की।

19 मकानों को मिली राहत, 45 पर बुलडोजर

कार्रवाई से पहले प्रशासन की टीम ने रविवार को कॉलोनी पहुंचकर संबंधित मकानों पर निशान लगाए थे। जिन 19 मकानों को हाईकोर्ट की डबल बेंच से अंतरिम राहत मिली है, उन पर एच के निशान लगाए गए हैं। इन मकानों को फिलहाल नहीं तोड़ा जा रहा है। वहीं, शेष 45 मकानों को हटाने की कार्रवाई जारी है।

7 एसडीएम और 30 से ज्यादा अधिकारी तैनात

कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलेक्टर शिवम वर्मा ने व्यापक प्रशासनिक इंतजाम किए हैं। मौके पर 7 एसडीएम, एक संयुक्त कलेक्टर, दो डिप्टी कलेक्टर समेत 30 से अधिक अधिकारी और राजस्व विभाग का अमला तैनात है। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में मकानों को खाली कराकर तोड़ने की कार्रवाई की जा रही है।

मकान तोड़ने के बाद हटाया जाएगा मलबा

प्रशासन की योजना सिर्फ मकानों को जमींदोज करने तक सीमित नहीं है। कार्रवाई पूरी होने के बाद मौके से मलबा भी हटाया जाएगा। इसके बाद विवादित जमीन का कब्जा श्रीराम बिल्डर को सौंपा जाना है। मलबा पूरी तरह हटाने में एक से दो सप्ताह तक का समय लगने की संभावना जताई गई है।

2003 से चल रहा है जमीन का विवाद

जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2003 में श्रीराम बिल्डर ने ग्राम खजराना स्थित 0.720 हेक्टेयर जमीन खरीदी थी। बाद में इस जमीन पर अतिक्रमण हुआ और खरीद-बिक्री के बाद यहां कई मकान बन गए। सर्वे नंबर 66/2 (क) पर कुल 78 मकान बताए गए हैं। इससे पहले वर्ष 2024 में भी प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए 8 से 10 मकानों को हटाया था। अब शेष अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन ने दोबारा अभियान शुरू किया है।

फिलहाल कृष्णबाग कॉलोनी में प्रशासन की कार्रवाई जारी है। हाईकोर्ट से राहत पाने वाले 19 मकानों को छोड़कर अन्य चिह्नित मकानों को हटाया जा रहा है।

📲

पालीवाल वाणी WhatsApp चैनल से जुड़ें

ताज़ा ब्रेकिंग न्यूज़ और समाज के सभी समाचार सबसे पहले अपने फोन पर पाएं।

चैनल से जुड़ें →

संबंधित खबरें

सभी देखें →
WhatsApp WhatsApp चैनल