तड़पती रही मां : कार में शव लेकर घंटों घूमता रहा : पति ने चलती कार में पत्नी को मार डाला
महाराष्ट्र.
महाराष्ट्र के वाशिम से दिल और दिमाग को हिलाकर रख देने वाला मामला सामने आया है। यहां पति ने अपने तीन 3 मासूम बच्चों के सामने चलती कार में पत्नी को मार डाला। वहीं बगल में बैठे 3 मासूम तड़पती रही मां को बस बेबसी से देखते रहे।
हत्या के बाद आरोपी पति कई घंटों तक महिला की लाश को गाड़ी में डालकर सड़कों पर घूमता रहा और बाद में खुद ही थाने जाकर आत्मसमर्पण कर दिया। रोंगटे खड़े कर देने वाला यह वाकया उस समय हुआ जब पूरा परिवार कार से कहीं जा रहा था।
आरोपी की शिनाख्त सलमान खान के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश (UP) का निवासी है। वो महाराष्ट्र में अपनी पत्नी हसीन बानो और तीन बच्चों के साथ रह रहा था। पुलिस के मुताबिक खौफनाक वारदात समृद्धि एक्सप्रेसवे पर कार से सफर करने के दौरान हुई। सड़क पर कार से जाने के दौरान सलमान और उसकी पत्नी हसीन बानो के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सलमान ने आपा खो दिया। उसने पहले कार में रखी लोहे की रॉड से हसीन बानो पर ताबड़तोड़ हमला किया और फिर बच्चों के सामने ही गला घोंटकर उसे जान से मार डाला।
हत्याकांड को अंजाम देने के बाद भी सलमान ने कार नहीं रोकी। वो अपनी पत्नी के शव को सीट पर ही छोड़कर वाशिम के कारंजा शहर की सड़कों पर काफी देर तक घूमता रहा। कार में बैठे तीनों बच्चे बुरी तरह सहमे हुए थे। घंटों तक भटकने के बाद आरोपी खुद ही गाड़ी चलाकर कारंजा पुलिस स्टेशन पहुंचा। उसने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के सामने जाकर पत्नी की हत्या करने की बात कबूलते हुए सरेंडर कर दिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी सलमान को अपनी पत्नी हसीन बानो के चरित्र पर गहरा शक था। वो उसकी वफादारी को लेकर हमेशा संदेह करता रहता था। इसी वजह से दोनों के बीच घर में लगातार झगड़े होते रहते थे। इसी शक में उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे डाला। घटना के चश्मदीद रहे तीनों बच्चों की मानसिक स्थिति को देखते हुए उनसे भी काउंसलर की मदद से पूछताछ की जा रही है।
मामले में वाशिम के पुलिस अधीक्षक (SP) निकेश खाटमोडे ने बताया कि सलमान नाम के शख्स कारंजा थाने आया था। उसने पुलिस को बताया- साहब! मैंने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है और उसकी लाश बाहर खड़ी कार के अंदर है। पुलिस कर्मियों ने तुरंत बाहर जाकर कार की सघन तलाशी ली, तो उसमें महिला का खून से लथपथ शव बरामद हुआ।
पालीवाल वाणी WhatsApp चैनल से जुड़ें
ताज़ा ब्रेकिंग न्यूज़ और समाज के सभी समाचार सबसे पहले अपने फोन पर पाएं।
संबंधित खबरें
सभी देखें →