Saturday, 06 June 2026

अपराध

मानसिक स्थिति खराब होने से पिता ने उठाया कदम, बच्चों को दही में जहर मिलाकर पिलाया: दो मासूम बच्चों की मौत

paliwalwani
मानसिक स्थिति खराब होने से पिता ने उठाया कदम, बच्चों को दही में जहर मिलाकर पिलाया: दो मासूम बच्चों की मौत
मानसिक स्थिति खराब होने से पिता ने उठाया कदम, बच्चों को दही में जहर मिलाकर पिलाया: दो मासूम बच्चों की मौत

उत्तर प्रदेश.

गोरखपुर में एक पिता ने अपने ही दो बच्चों को दही में जहर देकर मार डाला। बच्चों को दही पसंद थी इसीलिए पिता ने उनकी जान लेने के लिए दही को ही चुना। गोरखपुर के गीडा क्षेत्र के बरवार खुर्द में दो मासूम बच्चों की मौत से कोहराम मच गया है। इस मामले की जांच के दौरान चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है।

आरोप है कि पिता सत्यम कुमार ने अपनी 11 वर्षीय बड़ी बेटी प्रज्ञा को भी जहरीला पदार्थ पिलाने का प्रयास किया था, लेकिन वह किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रही। इसके बाद उसने परिजनों और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी।

पुलिस की जांच में सामने आया है कि गुरुवार शाम करीब छह बजे सत्यम कुमार घर पहुंचा था। उस समय घर पर उसकी तीनों संतानें मौजूद थीं। आरोप है कि वह अपने साथ जहरीला पदार्थ लेकर आया था। उसने सबसे पहले साढ़े चार वर्षीय बेटे अक्षत को जहरीला पदार्थ पिलाया, इसके बाद आठ वर्षीय बेटी प्राची को भी जहर दे दिया। जब उसने 11 वर्षीय प्रज्ञा को जहर पिलाने का प्रयास किया तो वह वहां से भाग निकली।

सत्यम ने दोनों छोटे बच्चों को जहर देने के बाद कमरे में बंद कर दिया था। प्रज्ञा के शोर मचाने पर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। तब तक दोनों बच्चे अचेत हो चुके थे। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार तड़के दोनों की मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार सत्यम कुमार मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसका इलाज बीआरडी से चल रहा था।

सत्यम की पत्नी संजू देवी ने बताया कि उनके पति ने घटनावाली सुबह उन्हें शहर में मार्ट पर छोड़ा था। शाम को फोन आया कि वह बच्चों के साथ खुद को कमरे में बंद लिए हैं। जब वह पहुंची तब तक देवर और अन्य लोग बच्चों को बाहर निकाल चुके थे और उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे। पति की दस साल से मानसिक रोग की दवा चलती है। छह महीने पहले उन्हें बीआरडी मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया था।

मानसिक स्थिति खराब होने से ही उन्होंने ऐसी हरकत की है। पुलिस की जांच में पता चला कि बच्चों को दही पसंद थी इस वजह से आरोपित पिता ने दही में उन्हें जहर खिलाया था। और बड़ी बेटी के भागने के बाद बच्चों सहित खुद को कमरे में बंद कर लिया था। पुलिस हिरासत में रखने के बाद वहां भी वह कोई गलत हरकत न कर बैठे इसके लिए चार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

whatsapp share facebook share twitter share telegram share linkedin share
Related News
Latest News
Trending News