इंदौर. इंदौर के मांगलिया स्थित सांची पॉइंट पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हुआ है। बताया जा रहा है कि ज्यादा गर्म होने से स्टीमर में ब्लास्ट हुआ था। इसमें पेड़े बनाने की कड़ाही का गर्म मावा कर्मचारियों पर उछल गया।
एसीपी पराग सैनी के मुताबिक, मांगलिया इलाके में सांची दुग्ध संघ में शुक्रवार शाम पेड़े बनाने की यूनिट में हादसा हुआ। इसमें दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में विनोद कुमार चडार निवासी सागर की मौत हो गई, जबकि तेज सिंह पुत्र सज्जन सिंह निवासी सिंगापुर टाउनशिप गंभीर रूप से घायल हुआ है। पुलिस ने विनोद के शव को बॉम्बे अस्पताल भेजा है। वहीं, तेज सिंह का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
सांची संघ के सीईओ विशाल मिश्रा ने बताया कि यह एक हादसा है, जहां भाप ज्यादा होने से कढ़ाई अचानक पलट गई। इसमें दो कर्मचारी घायल हुए थे। हालांकि, हादसे में एक कर्मचारी की मौत हो चुकी है, वहीं दूसरे का उपचार बाम्बे अस्पताल में चल रहा है। हादसे के समय अन्य कर्मचारी भी वहां मौजूद थे, लेकिन किसी को चोट नहीं आई।