सेंट जॉर्ज हाई स्कूल में सड़क सुरक्षा की पाठशाला : स्काउट-गाइड कैडेट्स भी सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान में देंगे योगदान

विज्ञापन

● आधारभूत शिक्षा के साथ सड़क सुरक्षा का ज्ञान भी जरूरी - एसीपी ट्रैफिक

● 700 विद्यार्थियों एवं अभिभावकों तक पहुंचेगा सुरक्षित यातायात का संदेश

●  हेलमेट और सीट बेल्ट की उपयोगिता बताई, नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने की दी समझाइश 

अनिल बागोरा-पुलकित पुरोहित

इंदौर. 10 अक्टूबर 2026। यातायात प्रबंधन पुलिस, महानगर इंदौर द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त श्री संतोष कुमार सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) श्री आर.के. सिंह तथा पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं यातायात) श्री राजेश कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में निरंतर सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है।  

इसी क्रम में आज सेंट जॉर्ज हाई स्कूल में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में सहायक पुलिस आयुक्त यातायात श्री हिंदू सिंह मुवेल, यातायात निरीक्षक श्री नारायण सिंह डामोर, यातायात निरीक्षक सुश्री सीमा गुप्ता सहित यातायात प्रबंधन पुलिस की टीम एवं स्कूल प्रबंधन से प्रिंसिपल हेलेन सोफिया, वॉइस प्रिंसिपल एबी, स्पोर्ट कॉर्डिनेटर मॉरिश नायडू, स्काउट गाइड ग्रुप लीडर तेजकुमार सिलावट, टीचर कोऑर्डिनेटर ममता जोशी, प्रतिभा जोशी उपस्थित रही। विद्यालय पहुंचने पर स्काउट-गाइड कैडेट्स द्वारा मार्च-पास्ट के माध्यम से यातायात पुलिस के अधिकारियों का स्वागत किया गया। विद्यालय में 75 स्काउट-गाइड कैडेट्स हैं, जो सड़क सुरक्षा जागरूकता गतिविधियों में अपना योगदान देंगे।

● आधारभूत शिक्षा के साथ सड़क सुरक्षा का ज्ञान भी जरूरी - एसीपी ट्रैफिक

सहायक पुलिस आयुक्त यातायात श्री हिंदू सिंह मुवेल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यातायात प्रबंधन पुलिस द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। यदि बच्चों को आधारभूत शिक्षा के साथ ही सड़क सुरक्षा का ज्ञान दिया जाए, तो वे इस संदेश को अपने परिवार और समाज तक पहुंचा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि ट्रैफिक नियम स्वयं और सड़क पर चलने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा के लिए हैं। हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की समझाइश देते हुए उन्होंने बताया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट जीवनरक्षक साबित हो सकते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जब वे अपने माता-पिता के साथ स्कूल आएं, तो उन्हें हेलमेट पहनने और सीट बेल्ट लगाने के लिए जरूर प्रेरित करें। बच्चों के माध्यम से परिवार में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सकती है। साथ ही उन्होंने नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के खतरों को समझाते हुए कहा कि कम उम्र में वाहन चलाना दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है। इसलिए नाबालिग बच्चे वाहन न चलाएं और सभी यातायात नियमों का पालन करें।

● प्रेजेंटेशन और वीडियो के माध्यम से समझाए यातायात नियम 

यातायात प्रबंधन पुलिस की टीम ने प्रेजेंटेशन एवं सड़क सुरक्षा संबंधी वीडियो के माध्यम से विद्यार्थियों को यातायात नियमों, सड़क संकेतों, सुरक्षित आवागमन और दुर्घटनाओं से बचाव के विभिन्न उपायों की जानकारी दी। ट्रैफिक के प्रमुख घटकों के अंतर्गत Engineering, Education, Enforcement और Emergency Care के महत्व को भी समझाया गया।

कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से सड़क सुरक्षा से जुड़ी गोल्डन ऑवर की अवधारणा तथा शासन की राहवीर योजना के बारे में जानकारी दी गई।विद्यार्थियों से बीच-बीच में प्रश्न पूछकर उनकी सहभागिता सुनिश्चित की गई और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। हेलमेट की उपयोगिता समझाने के लिए उसके विभिन्न हिस्सों के महत्व को भी बताया गया। विद्यार्थियों को समझाया गया कि हेलमेट सिर, आंखों, चेहरे और मुंह की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है तथा दुर्घटना के दौरान गंभीर चोटों के जोखिम को कम करने में सहायक होता है।

● पुलिस सेवा के प्रति बच्चों में दिखा उत्साह, भविष्य के लिए हुए प्रेरित

कार्यक्रम के दौरान यातायात निरीक्षक सुश्री सीमा गुप्ता ने विद्यार्थियों को अपने भविष्य के प्रति लक्ष्य निर्धारित करने और समाज सेवा के लिए प्रेरित किया। जब उन्होंने विद्यार्थियों से पूछा कि कौन-कौन पुलिस विभाग में आना चाहता है, तो कई विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं, ने उत्साहपूर्वक हाथ उठाकर पुलिस अधिकारी बनने की इच्छा जताई। विद्यार्थियों ने बताया कि वे पुलिस अधिकारी बनकर समाज की सेवा और सुरक्षा करना चाहते हैं तथा अपने परिवार का नाम रोशन करना चाहते हैं। पुलिस अधिकारियों के साथ संवाद के दौरान बच्चों में उत्साह और आत्मविश्वास दिखाई दिया। 

● स्काउट-गाइड कैडेट्स भी यातायात पुलिस के साथ करेंगे जागरूक 

भारत स्काउट-गाइड के श्री तेजकुमार सिलावट ने पालीवाल वाणी को बताया कि विद्यालय के स्काउट-गाइड कैडेट्स सड़क सुरक्षा जागरूकता के दौरान यातायात पुलिस के साथ मिलकर जागरूकता गतिविधियों में सहयोग करेंगे। इससे विद्यार्थियों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी और वे अपने आसपास के लोगों को भी सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित कर सकेंगे।

स्कूल प्रबंधन से प्रिंसिपल  हेलेन सोफिया व वॉइस प्रिंसिपल एबी ने कहा कि विद्यालय के लगभग 700 छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाया जाएगा। अभिभावकों को भी प्रेरित किया जाएगा कि बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने के दौरान दोपहिया वाहन पर हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।

विज्ञापन

और पढ़ें...

ये भी पढ़ें...

WhatsApp पर शेयर Facebook