इंदौर। दिवाली के अवसर पर इंदौर नगर निगम के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी सामने आई है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने 10 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को विनियमितीकरण का लाभ देने संबंधी प्रस्ताव जारी किया है। इस निर्णय से नगर निगम के मस्टर कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं प्रभारी सामान्य प्रशासन समिति के सदस्य नंदकिशोर पहाड़िया ने बताया कि नगर निगम में 10 वर्ष की सेवा पूर्ण कर चुके दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को शासन के 7 अक्टूबर 2016 के परिपत्र में उल्लेखित प्रावधानों के अनुसार विनियमितीकरण का लाभ प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय की इंदौर खंडपीठ के निर्णयों, विधिक अभिमत, निगम के स्थापना व्यय, कर्मचारियों के हितों और प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इसके तहत 1650 दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के साथ-साथ ऐसे सभी दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को भी शासन के उक्त परिपत्र का लाभ देने की सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई है, जिन्होंने 10 वर्ष की सेवा पूरी कर ली है।
एक माह में लाभ देने के निर्देश
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पात्र दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को एक माह की समय-सीमा में विनियमितीकरण का लाभ प्रदान किया जाए। साथ ही इस संबंध में की गई कार्रवाई का पालन प्रतिवेदन मेयर-इन-काउंसिल (एमआईसी) के समक्ष प्रस्तुत करना सुनिश्चित किया जाए।
महापौर के इस निर्णय को नगर निगम के वर्षों से सेवा दे रहे दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के लिए दिवाली का बड़ा तोहफा माना जा रहा है।