Anil Bagora-Sunil Paliwal
इंदौर. एसडीईआरएफ क्षेत्रीय प्रशिक्षण संस्थान, रालामंडल में सोमवार को पुलिस उप महानिरीक्षक, होमगार्ड्स एवं एसडीईआरएफ, मध्यप्रदेश श्री अमित सांघी का गरिमामय आगमन हुआ। इस दौरान उन्होंने होमगार्ड, एसडीईआरएफ एवं सिविल डिफेंस के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जवानों का सम्मेलन लेकर संगठन की कार्यप्रणाली, आपदा प्रबंधन की तैयारियों तथा जनसेवा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
श्री सांघी ने अधिकारियों एवं जवानों को अनुशासन, दक्षता एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा आपदा की परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए सदैव तैयार रहने के निर्देश दिए। सम्मेलन के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं जवानों की समस्याओं और सुझावों को भी गंभीरता से सुना तथा उनके यथोचित निराकरण का आश्वासन दिया।
इसके बाद डीआईजी श्री सांघी ने क्षेत्रीय प्रशिक्षण संस्थान का भ्रमण कर प्रशिक्षण व्यवस्थाओं, उपलब्ध संसाधनों एवं आपदा प्रबंधन से संबंधित उपकरणों का अवलोकन किया। उन्होंने प्रशिक्षण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया।
पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
कार्यक्रम के अगले चरण में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। डीआईजी श्री सांघी की उपस्थिति में होमगार्ड, एसडीईआरएफ एवं सिविल डिफेंस के अधिकारियों एवं जवानों द्वारा रालामंडल परिसर में 2000 पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर श्री सांघी ने पौधों के रोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में डिवीजनल कमाण्डेन्ट होमगार्ड इंदौर श्रीमती प्रीतिबाला सिंह, डिस्ट्रिक्ट कमाण्डेन्ट होमगार्ड इंदौर डॉ. मधु राजेश तिवारी, डिस्ट्रिक्ट कमाण्डेन्ट एसडीईआरएफ इंदौर श्री सुमत कुमार जैन सहित होमगार्ड, एसडीईआरएफ एवं सिविल डिफेंस के लगभग 200 अधिकारी, कर्मचारी एवं जवान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य आपदा प्रबंधन की तैयारियों को और मजबूत करने के साथ-साथ जवानों में जनसेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक दायित्व के प्रति प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करना रहा।