M. Ajnabee, Kishan paliwal
आमेट. रविवार को देवगढ़ रोड पर आमेट के समीप हुए ट्रेलर- बाइक हादसा मामले में विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़, प्रशासन और परिजनों के बीच हुई समझौता वार्ता के दौरान आखिरकार सोमवार को सहमति बन गई है।
प्राप्त जानकारी अनुसार सोमवार सुबह नगरपालिका कार्यालय में दोनों तरफ से अधिकृत समझौता समिति के सदस्यों से विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़, एडीशनल एसपी महेन्द्र पारीक, एसडीएम गोविंद सिंह रत्नू, डीवाईएसपी श्यामसिंह रत्नू, पूर्व पार्षद एवं भाजपा अध्यक्ष अरुण कुमार मिश्रा, नगर भाजपा अध्यक्ष राधेश्याम खटीक, जिला भाजपा उपाध्यक्ष सुनील गांधी, जिला महामंत्री रमन कंसारा, दौलतसिंह चूंडावत, विक्रमसिंह चुण्डावत, भाजपा महामंत्री जगदीश सिंह चौहान एवं पीड़ित पक्ष की ओर से मृतक के काका श्यामलाल जोशी, प्रहलाद जोशी, मौसा सुरेश चन्द्र शर्मा तथा मृतक के ससुराल पक्ष से दो तीन लोगों सहित 7 लोग वार्ता मे उपस्थित थे।
प्रशासन,जनप्रतिनिधिगण और मृतक के परिजनों के बीच चली वार्तालाप के बीच विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़ ने दूरभाष पर जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा से बातचीत कर प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री सहायता कोष व प्रधानमंत्री सहायता कोष से मिलनें वाली सरकारी सहायता दिलवाने तथा मृतक मुकेश जोशी की पत्नी को संविदा पर आंगनवाड़ी में नौकरी दिलवाने का आश्वासन दिया गया। जिसके बाद परिजन शव लेने के लिए राजी हो गए।
करीब 24 घंटे से आमेट अस्पताल के बाहर परिजन मुआवजा राशि की मांग को लेकर धरने पर बैठे हुए थे। मामले में प्रशासन की ओर से एडीशनल एसपी महेन्द्र पारिक उपाधीक्षक श्यामसिंह रतनू , डीएसटी थानाधिकारी सोनाली शर्मा तथा थानाधिकारी ओमसिंह चूंडावत जनप्रतिनिधियों की ओर से अरुण कुमार मिश्रा, सुनील गांधी, राधेश्याम खटिक, विक्रमसिंह चुण्डावत की अहम भूमिका रही। जिन्होंने समझाइश कर सहमति बनवाई।
गौरतलब है कि रविवार को आमेट नगरपालिका कोलोनी निवासी एक ही परिवार के 5 लोग बाईक पर सवार होकर ढेलाणा भैरुनाथ के दर्शन करने जा रहे थें कि सामने देवगढ़ की ओर से आ रहें एक ट्रेलर ने टक्कर मार दी। जिससे आमेट निवासी मुकेश जोशी पुत्र हस्तीमल जोशी उम्र 40 वर्ष, कुलदीप पुत्र कृष्णकांत उम्र 7 वर्ष,लक्षदीप पुत्र विष्णु दत्त उम्र उम्र 3 वर्ष की हादसे में दर्दनाक मौके पर ही मौत हो गई थी। तथा बाघावास जयपुर निवासी मधुबाला पत्नी विष्णु दत्त उम्र 38 वर्ष,चारू पुत्री विष्णु दत्त उम्र 13 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
परिजनों द्वारा जिला कलेक्टर को मौके पर बुलाने,मुआवजा के रुप मे 50 लाख रुपए देने की मांग पर चिकित्सालय के बाहर धरना प्रदर्शन कर विरोध शुरु किया गया था। यह धरना प्रदर्शन सोमवार सुबह से दोपहर तक चलता रहा। स्थिति को देखते हुए कुंभलगढ़ डिप्टी, जिले के लगभग सभी डीवाईएसपी, सीआई तथा 5 थानों की पुलिस और अतिरिक्त जाप्ता मौके पर तैनात रहा. ज्ञात रहे कि धरने-प्रदर्शन के दौरान सोमवार सुबह कुंभलगढ़ कांग्रेस नेता योगेंद्र सिंह परमार भी शामिल हुए थे।