कार्यालय महानिदेशक भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, राजस्थान
जयपुर. एसी.बी. मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी चौकी (स्पेशल युनिट) जोधपुर इकाई द्वारा आज कार्यवाही करते हुये आरोपी श्री अंकुश बाघेला पटवारी पटवार मण्डल पोपावास, जोधपुर अतिरिक्त चार्ज पटवारी, पटवार मण्डल बम्बोर तहसील, जिला जोधपुर को 75,000/- रुपये रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस श्री गोविन्द गुप्ता ने बताया कि ए. सी.बी. चौकी (स्पेशल युनिट) जोधपुर को एक शिकायत इस आशय की मिली कि ग्राम जोलियाली में कृर्षि भूमी में सब डिविजन प्लान तैयार कर खेतेश्वर मार्केट योजना में 20 दुकाने जो मौके पर निर्मित नही थी, जिनको परिवादी द्वारा अलग-अलग जरिये रजिस्ट्री खरीद की गई थी, जिसका कुल क्षेत्रफल 500 वर्गगज का म्युटेशन भरने की एवज में अंकुश बाघेला पटवारी बम्बोर द्वारा प्रति दुकान 5000/- रू. के हिसाब से कुल 1,00,000/- रू० रिश्वत मांग कर परेशान कर रहा है। रिश्वत नही देने पर म्युटेशन नही भर रहा है।
जिस पर एसीबी जोधपुर रेंज के उप महानिरीक्षक श्री नारायण टोगस के सुपरवीजन में ए.सी.बी. चौकी स्पेशल युनिट जोधपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री ओमप्रकाश चौधरी के नेतृत्व में श्री मनीष चौधरी निरीक्षक पुलिस एवं अन्य के ट्रेप कार्यवाही करते हुए श्री अंकुश बाघेला पटवारी को 75,000/- रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक पुलिस श्रीमती एस. परिमला के सुपरवीजन में आरोपियों से पूछताछ तथा कार्यवाही जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टोल फ्री हेल्पलाइन नम्बर 1064 एवं व्हाट्सएप हेल्पलाइन नम्बर 9413502834 पर 24×7 सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। एसीबी आपके वैध कार्य को करवाने में पूरी सहायता करेगी।