एप डाउनलोड करें

आओ कहानी सुने : इंसानियत और संवेदना : दंड और न्याय

ज्ञानवर्धक प्रेरक प्रसंग Published by: paliwalwani Updated Sun, 05 Jul 2026 01:51 PM
विज्ञापन
Follow Us
विज्ञापन

वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कुछ चार दिन पहले ग्रुप में एक मार्मिक कहानी प्रकाशित हुई थी। उसमें बताया गया था कि एक दिन अदालत का पूरा कक्ष उस समय स्तब्ध रह गया, जब 91 वर्षीया हेलन काँपते कदमों से अदालत में पहुँचीं। उम्र के बोझ से झुका शरीर, झुर्रियों से भरा चेहरा और हाथों में हथकड़ियाँ। उनका अपराध भी ऐसा था, जिसे सुनकर न्यायाधीश तक भावुक हो गए थे। वह कहानी केवल कानून की नहीं, बल्कि इंसानियत और संवेदना की थी।

इस कहानी से मिलती जुलती एक घटना घटी है । वह है 25 जून 2026 को झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस एमएस सोनक और जस्टिस राजेश शंकर की खंडपीठ द्वारा दिया एक आदेश। फर्क सिर्फ इतना है कि यह घटना प्रसंग किसी विदेशी देश की नहीं, बल्कि हमारे अपने भारत की है।

झारखंड के बोकारो जिले में रामू (परिवर्तित नाम) नामक एक चपरासी पिछले 17 वर्षों से एक सरकारी कार्यालय में सेवा दे रहा था। उसकी तनख्वाह अधिक नहीं थी, लेकिन ईमानदारी और मेहनत उसकी सबसे बड़ी पूँजी थी। पत्नी, तीन बेटियाँ और परिवार के अन्य सदस्यों की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी।

एक दिन कार्यालय की बैठक समाप्त होने के बाद मेज पर कुछ बिस्कुट के पैकेट और थोड़ी चाय-पत्ती बची रह गई। रामू ने सोचा कि ये सामान शायद अब फेंक दिया जाएगा। उसने मन ही मन कल्पना की कि घर जाकर बच्चों को ये बिस्कुट दे देगा तो उनके चेहरे खिल उठेंगे। इसी सोच के साथ उसने वह सामान अपने थैले में रख लिया। लेकिन शायद नियति को कुछ और ही मंजूर था।

किसी अधिकारी की नजर उस पर पड़ गई। देखते ही देखते 17 वर्षों की निष्ठा और ईमानदारी पर एक पल में “चोरी” का ठप्पा लग गया। उसे कारण बताओ नोटिस दिया गया और फिर नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया। जिस व्यक्ति ने अपनी जवानी उस कार्यालय को समर्पित कर दी थी, उसे अपनी बात ठीक से रखने का अवसर तक नहीं मिला।

रामू टूट गया, लेकिन हारा नहीं। उसने न्याय की उम्मीद में झारखंड हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। जब मामला अदालत पहुँचा, तो न्यायाधीशों ने केवल नियमों को नहीं देखा, बल्कि उस घटना के पीछे छिपे मानवीय पक्ष को भी समझा। 

अदालत ने पूछा : क्या कुछ बिस्कुट और थोड़ी चाय-पत्ती के लिए किसी व्यक्ति की 17 वर्षों की सेवा को मिटा देना उचित है?  क्या दंड इतना कठोर होना चाहिए कि उससे पूरे परिवार की रोटी छिन जाए?

अदालत ने प्रशासन के इस निर्णय को असंवेदनशील और अन्यायपूर्ण बताया। न्यायालय ने रामू को पुनः सेवा में बहाल करने तथा बकाया वेतन का एक बड़ा हिस्सा देने का आदेश दिया। अदालत की टिप्पणी केवल एक कर्मचारी के पक्ष में फैसला नहीं थी, बल्कि यह संदेश भी था कि कानून का उद्देश्य केवल दंड देना नहीं, बल्कि न्याय करना है।

यह घटना हमें याद दिलाती है कि नियम आवश्यक हैं, लेकिन उनसे भी अधिक आवश्यक है मानवीय संवेदना। यदि निर्णय लेते समय करुणा, परिस्थिति और व्यक्ति के पूरे जीवन को नजरअंदाज कर दिया जाए, तो न्याय केवल कागजों में रह जाता है।

  1. सीख : आज समाचारों में कई ऐसी घटनाएँ पढ़ने को मिलती हैं जो यह सोचने पर मजबूर कर देती हैं कि क्या हमारी संवेदनाएँ धीरे-धीरे समाप्त होती जा रही हैं? किसी एक गलती या चूक के आधार पर पूरे व्यक्ति का मूल्यांकन करना उचित नहीं है। इंसान की पहचान उसके एक क्षण से नहीं, बल्कि उसके पूरे जीवन और चरित्र से होती है। न्याय तब ही सार्थक है, जब उसमें नियमों के साथ-साथ इंसानियत की गर्माहट भी शामिल हो।...!!
  2. जो व्यक्ति हर दिन आने वाली किसी भी चुनौती का साहसपूर्वक सामना करने की मानसिक क्षमता के साथ जागता है, वही व्यक्ति विजयी होता है...!!!
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next