📅 Monday, 07 September 2026 | 02:42 PM IST
लाइव सेंसेक्स: 76,115.37 ▼ -400.06 (-0.52%) निफ्टी 50: 23,761.15 ▼ -136.55 (-0.57%) 🪙 सोना 24K (10g): ₹148,450 🥈 चांदी (1kg): ₹221,300 ⛈️ उज्जैन: 28°C (गरज के साथ बारिश)
आमेट

Amet News : आमेट राजकीय महाविद्यालय में ABVP का प्रदर्शन, प्रशासनिक अव्यवस्थाओं को लेकर नारेबाजी

📅 09 June 2026, 01:29 AM ✍️ indoremeripehchan.in ⏱️ 5 मिनट में पढ़ें
शेयर करें:
WhatsApp Facebook Twitter Telegram Instagram
Amet News : आमेट राजकीय महाविद्यालय में ABVP का प्रदर्शन, प्रशासनिक अव्यवस्थाओं को लेकर नारेबाजी
Amet News : आमेट राजकीय महाविद्यालय में ABVP का प्रदर्शन, प्रशासनिक अव्यवस्थाओं को लेकर नारेबाजी

आमेट. श्री हीरालाल देवपुरा राजकीय महाविद्यालय, आमेट में व्याप्त प्रशासनिक अव्यवस्थाओं और शिक्षकों की निरंतर अनुपस्थिति के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं और आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने मोर्चा खोल दिया है। महाविद्यालय परिसर में तालाबंदी कर किए गए इस उग्र प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कॉलेज प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर धरना दिया।

छात्रों ने आरोप लगाया कि प्रशासन की मनमानी के कारण उनका भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है। आंदोलनरत छात्रों ने स्पष्ट किया कि कॉलेज के कार्यवाहक प्रिंसिपल रामकेश मीणा पिछले माह 16 मई से बिना किसी पूर्व सूचना अथवा आयुक्तालय से अवकाश स्वीकृत कराए बिना ही ड्यूटी से पूरी तरह नदारद हैं। छात्रों का आरोप है कि प्रिंसिपल की यह कार्यशैली नई नहीं है, बल्कि वे पूर्व में भी ऐसा करते रहे हैं और बाद में आकर उपस्थिति पंजिका में मनमाने ढंग से हस्ताक्षर कर देते हैं। जब कॉलेज के अन्य स्टाफ से इस विषय में जानकारी चाही गई, तो वे भी रामकेश मीणा और कैलाश खटीक की छुट्टियों के संबंध में कोई संतोषजनक उत्तर देने में असमर्थ रहे।

छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था की बदहाली का उल्लेख करते हुए बताया कि हिंदी विभाग के दो स्थायी शिक्षकों की लगातार अनुपस्थिति के कारण पाठ्यक्रम अभी तक पूर्ण नहीं हो सका है। स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इस माह में छात्रों की मुख्य परीक्षाएं प्रस्तावित हैं, जबकि पाठ्यक्रम अधूरा होने के बावजूद छात्रों से मिड-टर्म परीक्षाएं ली जा चुकी हैं। दूर-दराज के गांवों से प्रतिदिन बस का किराया खर्च कर कॉलेज आने वाले विद्यार्थियों को कक्षाएं न होने के कारण मायूस होकर वापस लौटना पड़ता है।

प्रदर्शन के दौरान वित्तीय अनियमितताओं का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया गया। छात्रों ने आरोप लगाया कि महाविद्यालय में एन.एस.एस. शिविर के बिलों और कॉलेज के लिए की गई खरीद में बड़ी वित्तीय धांधली हुई है। इसके अतिरिक्त, कार्यवाहक प्रिंसिपल पर आरोप है कि वे पदभार ग्रहण करने के बाद से ही महाविद्यालय परिसर में निवास कर रहे हैं, इसके बावजूद वे राज्य सरकार से नियम विरुद्ध तरीके से हाउस रेंट अलाउंस (HRA) ले रहे हैं।

छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि उच्च शिक्षा विभाग और महाविद्यालय प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से संज्ञान लेते हुए प्राचार्य की उपस्थिति सुनिश्चित नहीं की और शिक्षकों की जवाबदेही तय नहीं की, तो यह आंदोलन और अधिक उग्र रूप धारण करेगा। इस विरोध-प्रदर्शन में अपर्णा, टिविंकल, वर्षा, पूजा, माया, सुमन सहित एबीवीपी नगरमंत्री विकास कीर, अजय सिंह चुण्डावत, हिम्मत गुर्जर, दिनेश प्रजापत, कार्तिकेय बटवाल, राजेश सिंह गहलोत, देवेन्द्र सिंह चुण्डावत, नवदीप सिंह चुण्डावत और राहुल सिंह सहित अनेक छात्र उपस्थित रहे।

📲

पालीवाल वाणी WhatsApp चैनल से जुड़ें

ताज़ा ब्रेकिंग न्यूज़ और समाज के सभी समाचार सबसे पहले अपने फोन पर पाएं।

चैनल से जुड़ें →

संबंधित खबरें

सभी देखें →
WhatsApp हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें