📅 Thursday, 12 November 2026 | 09:30 PM IST
लाइव सेंसेक्स: 81,911.01 ▲ +804.41 (+0.99%) • निफ्टी 50: 25,299.35 ▲ +254.65 (+1.02%) • 🪙 सोना 24K (10g): ₹134,880 • 🥈 चांदी (1kg): ₹183,400 • ☀️ उज्जैन: 22°C (साफ आसमान)
जयपुर

राजस्थान में चक्रवाती तूफान अर्णब का असर : कई संभागों में बारिश का अलर्ट : 3 डिग्री तक पारा गिरा, सर्दी बढ़ी

📅 29 October 2026, 09:45 PM • ✍️ paliwalwani • ⏱️ 7 मिनट में पढ़ें
शेयर करें:
WhatsApp Facebook Twitter Telegram Instagram
राजस्थान में चक्रवाती तूफान अर्णब का असर : कई संभागों में बारिश का अलर्ट : 3 डिग्री तक पारा गिरा, सर्दी बढ़ी
राजस्थान में चक्रवाती तूफान अर्णब का असर : कई संभागों में बारिश का अलर्ट : 3 डिग्री तक पारा गिरा, सर्दी बढ़ी

जयपुर. 

बंगाल की खाड़ी में बने तूफान ‘अर्नब’ के असर से जयपुर, धौलपुर, दौसा, टोंक और अलवर में बारिश हुई। बरसात के कारण तापमान में 3 डिग्री तक गिरावट हुई है।

मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार आज रात तक क्लाउड कवर (बादल) करीब 90 फीसदी तक रहेगा। ऐसे में करवा चौथ का व्रत रख रही महिलाओं के लिए चांद का इंतजार लंबा हो सकता है।

मौसम के इस बदलाव से राज्य में अचानक ठंडक भी बढ़ गई। बुधवार को बाड़मेर को छोड़कर किसी भी शहर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं गया। वहीं, रात का तापमान 10 डिग्री तक गिर गया है।

राजस्थान में चक्रवाती तूफान 'अर्णब' का असर

  • कई संभागों में बारिश का अलर्ट, 
  • जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग में बदलेगा मौसम, 
  • 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं,बारिश की संभावना, 
  • जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी हिस्सों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि का अलर्ट, 
  • राजस्थान में अगले 24 घंटे में 3 से 5 डिग्री तक गिर सकता है अधिकतम तापमान, 
  • 30 अक्टूबर को भी पूर्वी राजस्थान के कई संभागों में बारिश का दौर रहने की संभावना, 
  • जोधपुर और बीकानेर संभाग के पूर्वी हिस्सों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश के आसार, 
  • 31 अक्टूबर को पूर्वी राजस्थान में बारिश की संभावना, 
  • 1 नवंबर से अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान।
  • धौलपुर में बदला मौसम, बारिश

    धौलपुर जिले के बाड़ी में मौसम का मिजाज बदल गया। दोपहर 12 बजे क्षेत्र में बारिश का दौर शुरू हो गया। तापमान में गिरावट आने से लोगों को सर्दी का एहसास होने लगा।

    बहरोड़ में बारिश के कारण बदला मौसम

    कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बहरोड़ क्षेत्र में सुबह 10 बजे से रुक-रुककर बारिश हो रही है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज हुई। मौसम विभाग ने शुक्रवार का भी तेज बरसात का यलो अलर्ट जारी किया है।

    जयपुर में बूंदाबांदी, ठंड बढ़ी

    जयपुर में भी सुबह 11 बजे हल्की बारिश हुई। सुबह से चल रही हवा के कारण मौसम में भी ठंडक है। कल भी राजधानी में बारिश का अलर्ट है।

    करौली में सुबह से रुक-रुककर बारिश

    करौली जिले में गुरुवार सुबह मौसम बदल गया। सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। तापमान में भी 2 डिग्री तक गिरावट हुई है। मौसम विभाग ने अगले 1-2 दिन तक बादल छाए रहने और बारिश की चेतावनी दी है।

    घने बादल छाए रहेंगे- राधेश्याम शर्मा

    मौसम विभाग जयपुर के निदेशक ने बताया कि दो दिन घने बादल छाए रहने की संभावना है। ऐसे में आज शाम को चांद दिखने की संभावना कम है। हालांकि, क्लाउड कवर में कुछ ब्रेक होता है तो शायद चांद दिख सकता है। बादल रात भर छाए रहेंगे। कल भी मौसम कुछ इसी तरह रहेगा।

    अलवर में भी मौसम बदला, बूंदाबांदी

    अलवर शहर में गुरुवार सुबह करीब 5 बजे बूंदाबांदी हुई। इसके बाद करीब 8:30 बजे बूंदाबांदी का दौर शुरू हुआ। तापमान गिरने से ठंड का असर बढ़ा है।

    आधा घंटे तेज बारिश, पारा गिरा

    दौसा जिले के बांदीकुई में गुरुवार सुबह 8 से 8:30 बजे के बीच बरसात हुई। बारिश के बाद तापमान में 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी बारिश का अलर्ट जारी किया है

    31 तक रहेगा तूफान का असर

    मौसम विभाग के अनुसार अर्नब तूफान का असर राजस्थान में तीन दिन रह सकता है। इसका सबसे ज्यादा असर आज और कल रहेगा। 31 अक्टूबर को इसका असर कम होने लगेगा। तीन दिन बारिश के साथ तेज हवा भी चल सकती है। 

    सीकर-सिरोही में सबसे ज्यादा सर्दी

    बुधवार को दिन में सबसे ज्यादा सर्दी सिरोही में रही। अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस, जबकि सबसे गर्म इलाका बाड़मेर रहा, जहां का तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सीकर में सीजन की सबसे ठंडी रात रही, जहां का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार बारिश के कारण तापमान में और गिरावट की संभावना है

    जयपुर में सुबह से बादल छाए, हवा से ठंडक

    राजधानी के मौसम में बुधवार देर रात से बदलाव हुआ। जिले के आसपास के इलाकों में गुरुवार सुबह से बादल छाए हुए हैं। हवा चलने के कारण ठंडक बढ़ गई है। मौसम विभाग ने दो दिन बारिश का अलर्ट जारी किया है। बुधवार को दिनभर आसमान साफ रहा और धूप रही। तापमान में भी गिरावट हुई। यहां अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ

    📲

    पालीवाल वाणी WhatsApp चैनल से जुड़ें

    ताज़ा ब्रेकिंग न्यूज़ और समाज के सभी समाचार सबसे पहले अपने फोन पर पाएं।

    चैनल से जुड़ें →

    संबंधित खबरें

    सभी देखें →
    WhatsApp हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें