एप डाउनलोड करें

बहन के प्रेमी की गोली मारकर हत्या : प्रेमिका ने की सुसाइड की कोशिश

अपराध Published by: paliwalwani Updated Wed, 04 Mar 2026 07:19 PM
विज्ञापन
Follow Us
विज्ञापन

वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मथुरा. जनपद के नौहझील थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार को बहन के प्रेमी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. दूसरी तरफ इस वारदात की सूचना मिलने के बाद प्रेमिका ने भी आत्महत्या करने का प्रयास किया.गंभीर हालत में युवती को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.

एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि जनपद के नौहझील थाना क्षेत्र के गांव सुहागपुर में मंगलवार सुबह अर्जुन, जो कि एक ट्रक ड्राइवर है, गांव पहुंचा था. तभी रास्ते में अर्जुन का विवाद भोला और उसके दोस्त बॉबी के साथ होने लगा. धीरे-धीरे यह कहासुनी इतनी बढ़ गई कि भोला ने तमंचे से अर्जुन को गोली मार दी. इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए.

एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने कहा कि भोला की बहन अर्जुन से प्यार करती थी और पिछले करीब छह महीने से दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था. मंगलवार को जब अर्जुन अपनी प्रेमिका से मिलने जा रहा था, तभी भोला ने उसे रास्ते में रोककर उसकी हत्या कर दी. सुहागपुर गांव में अपने प्रेमी के साथ हुई इस वारदात की जानकारी जैसे ही युवती को मिली, उसने भी घर पर जान देने की कोशिश की. परिजनों ने समय रहते उसे देख लिया और बचा लिया.

युवती को उपचार के लिए पहले मथुरा जिला अस्पताल भेजा गया लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे आगरा एसएन मेडिकल कॉलेज रवाना कर दिया गया. सुहागपुर गांव में हुई इस वारदात को लेकर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अपनी तहकीकात शुरू कर दी है. फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं और उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है. पुलिस ने अर्जुन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

आरोपी की बहन ने भी आत्महत्या की कोशिश की: एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि मंगलवार को नौहझील के सुहागपुर गांव में अर्जुन का विवाद भोला और बॉबी के साथ हुआ था. कहासुनी के बाद अर्जुन को दो गोलियां मारी गईं जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी की बहन ने भी आत्महत्या का प्रयास किया है. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग के चलते हुए विवाद का लग रहा है और पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है.

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next