आमेट. ग्राम पंचायत आगरिया के पर्वती गांव में मंगलवार को हुए सड़क हादसे में एक 17 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार मृतक भेरूनाथ कालबेलिया (17) पुत्र मोतीलाल कालबेलिया निवासी आगरिया, पर्वती गांव में किराना सामान लेने के लिए मोटरसाइकिल से जा रहा था। इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक के सिर में गंभीर चोटें आईं और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद ग्रामीणों एवं परिजनों ने उसे तत्काल निजी वाहन से आरके जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को आमेट उप जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए मोर्चरी में रखवाया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने बताया कि मृतक अपने परिवार का मुख्य सहारा था। उसके पिता मोतीलाल कालबेलिया की उम्र लगभग 65 वर्ष है, जबकि उसका छोटा भाई मात्र 12 वर्ष का है। युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है और बड़ी संख्या में लोग परिजनों को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।
M. Ajnabee, Kishan paliwal