एप डाउनलोड करें

Amet News : आमेट-लीकी मार्ग पर अधूरी पुलिया से राहगीरों की बढ़ी मुश्किलें : बारिश के मौसम में जान पर बन आएगी

आमेट Published by: paliwalwani Updated Tue, 09 Jun 2026 01:33 AM
विज्ञापन
Follow Us
विज्ञापन

वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आमेट-लीकी रोड पर महीनों से पुलिया का निर्माण अधूरा है, जिससे फिसलन के कारण वाहन चालकों को दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है। विभाग ने डामर की कमी बताई है.

आमेट. आमेट-लीकी मार्ग पर पिछले कई महीनों से अधूरी पड़ी पुलिया राहगीरों और वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। विभागीय लापरवाही के चलते इस मार्ग पर निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे आवागमन बेहद जोखिम भरा हो गया है।

ठेकेदार द्वारा पुलिया का निचला सीमेंट निर्माण तो पूरा कर दिया गया है, लेकिन ऊपरी सतह पर कंक्रीट-ग्रेवल डालकर काम को बीच में ही छोड़ दिया गया है। इस अधूरी पुलिया के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रेवल पर फिसलन होने के कारण आए दिन दोपहिया वाहन अनियंत्रित होकर गिर रहे हैं, जिससे चालक चोटिल हो रहे हैं।

वहीं, कार चालकों के लिए भी इस मार्ग से गुजरना बड़ी चुनौती बन गया है। ग्रामीणों ने इस दुर्दशा पर कड़ी नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया है कि उन्हें यह भी स्पष्ट नहीं है कि पूरी सड़क का निर्माण किया जा रहा है या केवल पुलिया ही बनाई जा रही है। बबरी सिंह, शम्भुलाल सुथार, पूर्व सरपंच चमन सिंह, खुमसिंह रावत, प्रकाश सिंह और प्रेमसिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने विभाग और ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इसे आमजन की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बताया है।

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से इस कार्य को अविलंब पूरा करने की पुरजोर मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि कार्य समय रहते पूर्ण नहीं किया गया, तो आगामी बारिश के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाएगी और आवागमन पूरी तरह बाधित हो सकता है।

इस संबंध में सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता नवनीत चौधरी ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में डामर (बिटुमिन) की कमी के कारण कार्य बाधित है, हालांकि उन्होंने आश्वस्त किया है कि बारिश शुरू होने से पहले निर्माण कार्य को हर हाल में पूरा कर लिया जाएगा। ग्रामीणों की मांग अब केवल पुलिया पूर्ण करने तक सीमित नहीं है, बल्कि वे इस मार्ग की समग्र सुरक्षा और सुगम यातायात बहाली की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

M. Ajnabee, Kishan paliwal

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next