आमेट. तहसील की ग्राम पंचायत घोसुंडी के अंतर्गत गांव किशनपुरिया लोहार की ऑडी में बीते करीब 2 माह से एकमात्र हैंडपंप पानी की जगह हवा फेंक रहा है, जिससे भीषण गर्मी के बीच 25 घरों की बस्ती गंभीर जल संकट से जूझ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार हैंडपंप में पाइप डालने का कार्य लंबे समय से अटका हुआ है। आरोप है कि जिम्मेदार विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर मामले को टाल रहे हैं। जलदाय विभाग पंचायत पर जिम्मेदारी डाल रहा है, जबकि पंचायत जलदाय विभाग को जिम्मेदार ठहरा रही है।
इस आपसी खींचतान का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। पानी की कमी के कारण महिलाओं और बच्चों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे उनका दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। बढ़ती गर्मी के साथ स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है और जल संकट ने बस्ती के जीवन को प्रभावित कर दिया है।
ग्रामीणों में नारायण लाल लोहार, रूपलाल लोहार, मदन लाल लोहार, भेरूलाल लोहार, लालाराम लोहार, जीतू लाल लोहार, बालूराम लाल, अंशी देवी सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से समस्या के त्वरित समाधान की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही हैंडपंप को दुरुस्त कर पाइप नहीं डाली गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर हैंडपंप को चालू कराने और जिम्मेदार विभाग पर कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके। यह मामला न केवल पेयजल संकट को उजागर करता है, बल्कि विभागीय समन्वय की कमी को भी सामने लाता है।
M. Ajnabee, Kishan paliwal