आमेट. पुरुषोत्तम मास की एकादशी पर बुधवार को श्री जयसिंह श्याम गोशाला में श्रद्धा, सेवा और धर्मभाव का विशेष संगम देखने को मिला। गोशाला परिसर में गोमाता को 601 किलो लापसी का भोग धराया गया। आयोजन में गो भक्तों और सेवाधारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए गोमाता के यार्ड में जाकर लापसी खिलाई।
गो सेवा के इस विशेष आयोजन के लाभार्थी पूना, महाराष्ट्र निवासी गो भक्त रमेश चंद्र माहेश्वरी और अलका माहेश्वरी रहे। अधिक मास मनोरथ के अंतर्गत आयोजित इस धार्मिक सेवा कार्यक्रम में दान-पुण्य के महत्व को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम के दौरान गोशाला अध्यक्ष विष्णु गोपाल सोमानी, तारामणि सोमानी, सचिव मदन लाल पुरोहित, व्यवस्थापक मनोहर लाल शर्मा, सुरेश सोनी और शंकर लाल सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।
आयोजन के दौरान गोशाला परिसर धर्ममय वातावरण से सराबोर रहा और गो सेवा को लेकर श्रद्धालुओं ने आस्था व्यक्त की। पुरुषोत्तम मास की एकादशी पर आयोजित यह सेवा आयोजन गो संरक्षण और सनातन परंपराओं के प्रति समाज की आस्था और समर्पण का महत्वपूर्ण उदाहरण बनकर सामने आया।